मथुरा

भाजपा नेता के ढाबा में चेकिंग करने गई टीम की पिटाई

1 किलोवाट के कनेक्शन पर 3 एसी; कटिया डालकर बिजली चोरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। गोवर्धन में भाजपा नेता के ढाबे पर बिजली चोरी की शिकायत पर चेकिंग को पहुंची विजिलेंस की टीम से अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी गई। इस मामले में मारपीट, धमकी, अभद्रता व सरकारी कार्य में बाधा डालने की प्राथमिकी भाजपा नेता, उनके पुत्र समेत कई लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई है। गोवर्धन कस्बा में डीग मार्ग पर बाईपास के पास भाजपा राधाकुंड मंडल महामंत्री शेरसिंह का अभिनंदन नाम से फैमिली रेस्टोरेंट है। विजिलेंस टीम को सूचना मिली कि फैमिली ढाबे पर बिजली की चोरी हो रही है। इस पर विजिलेंस प्रभारी अपनी टीम के साथ शुक्रवार की दोपहर फैमिली ढाबे पर पहुंचे और चेकिंग करने लगे। ढाबे पर एक किलोवाट का कनेक्शन था, जबकि अंदर तीन एसी लगे हुए थे। वहीं पीछे से कटिया डालकर बिजली चोरी हो रही थी। टीम प्रभारी ने बताया, टीम ने बिजली चोरी की वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है तभी भाजपा नेता एवं रेस्टोरेंट कर्मचारी आदि आ गए और विरोध करने लगे। समझाने पर भी वे नहीं माने और टीम के साथ धक्कामुक्की करते हुए अभद्रता करने लगे। इस मामले में अवर अभियंता किशन कुमार सोनकर ने गोवर्धन थाने में देर शाम प्रार्थना पत्र दिया। इसमें रेस्टोरेंट मालिक शेर सिंह निवासी जतीपुरा, भानू प्रताप सिंह एवं आधा दर्जन अज्ञात लोगों पर अभद्रता, धक्कामुक्की कर मोबाइल फोन छीनने का प्रयास तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी ने बताया मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button