कानपुर
डब्लू डब्लू एफ ने बच्चों संग मनाया विश्व वन्यजीव सप्ताह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कानपुर : जहां लोग अपने पर्यावरण के संरक्षण को भूल रहे हैं वही एक संस्था ऐसी है जो लोगों के बीच जागरूकता का कार्य कर रही है। विश्व वन्यजीव सप्ताह 2025 जो कि 2-8 अक्टूबर तक मनाया जाता है के अवसर पर वर्ल्ड वाइड फण्ड इंडिया ने ईमलीपुर, नौबस्ता स्थित लल्लू सिंह कॉलेज के संयुक्त सहयोग से वन्य जीव व प्रकृति संरक्षण तथा अर्बन वाटर फुटप्रिंट कैम्पेन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जलसंरक्षण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस अवसर पर डब्लू. डब्लू. एफ. की कानपुर मण्डल ऑफिसर डॉ. आंचल मित्तल ने बताया कि कैसे जल प्रदूषण, वायु प्रदूषण, वनों की अंधाधुंध कटाई, प्लास्टिक कचरा और शहरीकरण के कारण अनेक वन्य जीव विलुप्ति के कगार पर पहुंच गए है और कैसे हर जीव पर्यावरण की शृंखला का एक अहम हिस्सा होता है। उन्होंने जल संरक्षण के विषय में पी.पी.टी., बैनर व पोस्टर के माध्यम से छोटी छोटी आदतें जैसे खुला नल बंद करना, वर्षा जल संरक्षण व जल के पुनः उपयोग के तरीके, जल संकट को बड़े ही सरल ढंग से कार्यशाला में उपस्थित अध्यापकों तथा छात्रों को समझाया। डॉ मित्तल ने बताया कि उनकी संस्था डब्लू. डब्लू. एफ. पूरे भारतवर्ष में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम चलती है जो की प्रकृति के संरक्षण और हमारे आने वाले भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया डब्लू. डब्लू. एफ. दिल्ली कार्यालय के उच्च अधिकारी सिद्धार्थ वैद्य तथा उमेश चंद्रा द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश में इस तरह के विभिन्न जागरूकता कार्यशालाओं को संचालित किया जा रहा है। वन्य जीव बचाओ, प्रकृति सजाओ और जल ही जीवन है” जैसे प्रेरणा संदेशों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



