दिल्लीराजनीतिराष्ट्रीय

कृत्रिम बारिश पर राजनीति गरमाई

वर्षा को जांचने छत पर चढ़े आप नेता, बोले- इंद्र देवता भी भाजपा से हैं नाराज

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया कि वह शाम करीब 4:30 बजे मध्य दिल्ली के लुटियंस जोन पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री निवास और भाजपा मंत्री प्रवेश वर्मा का घर भी आता है, मगर वहां की जमीन पूरी तरह सूखी थी। एक बूंद भी नहीं गिरी।
राजधानी में प्रदूषण कम करने के नाम पर कृत्रिम वर्षा कराने के भाजपा सरकार के दावे पर आम आदमी पार्टी ने बड़ा हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार ने कृत्रिम वर्षा के नाम पर भी फजीर्वाड़ा किया है, क्योंकि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार मंगलवार को दिल्ली में कहीं भी बारिश नहीं हुई।
भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार के अनुसार दिल्ली में क्लाउड सीडिंग के जरिये बारिश कराई गई, लेकिन हकीकत में एक बूंद पानी भी नहीं गिरा। कोंडली और बुराड़ी के विधायक भी कह रहे हैं कि उनके इलाकों में बारिश नहीं हुई। मध्य दिल्ली में तो बारिश का नामोनिशान तक नहीं था। उन्होंने तंज कसा, भाजपा ने शायद सोचा था कि इंद्र देवता वर्षा करेंगे और सरकार खर्चा दिखाएगी। भारद्वाज ने कहा कि ऐसा कोई यंत्र या तंत्र नहीं है जो बता सके कि बारिश इंद्र देवता करा रहे हैं या भाजपा सरकार। मगर भाजपा हर चीज का श्रेय लेना चाहती है अब तो भगवान इंद्र के काम का भी क्रेडिट ले लेगी।
आप नेता सौरभ भारद्वाज पहुंचे लुटियंस जोन, बोले- यहां नहीं गिरी एक भी बूंद
आम आदमी पार्टी नेता ने कहा कि मंगलवार को मीडिया में दो खबरें थीं, एक कि दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना है और दूसरी कि सरकार कृत्रिम वर्षा का ट्रायल कर सकती है। भारद्वाज के मुताबिक, भाजपा को लगा कि अगर बारिश हो गई तो तुरंत कह देंगे कि यह हमने कराई है। लेकिन जब सरकार ने कृत्रिम वर्षा की घोषणा की, तभी बादल भी नाराज होकर चले गए। उन्होंने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे वह मध्य दिल्ली के लुटियंस जोन पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री निवास और भाजपा मंत्री प्रवेश वर्मा का घर भी आता है, मगर वहां की जमीन पूरी तरह सूखी थी। एक बूंद भी नहीं गिरी। इसका एक वीडियो भी उन्होंने अपने अक्स अकाउंट पर साझा किया है, जिसमें वह एक घर पर खड़े हैं और कहते नजर आ रहे हैं कि यहां एक बूंद भी नहीं गिरी।
बारिश को लेकर भाजपा पर कसा तंज-भारद्वाज ने व्यंग्य करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का यही तरीका है इंद्र देवता कराएं वर्षा और सरकार दिखाए खर्चा। जब बारिश नहीं हुई, तब सरकार खामोश है और जिस दिन बारिश होगी, वह कहेगी हमने कराई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button