गाजियाबाद
लोनी में आपूर्ति अधिकारी की गैर हाजिरी से जनता बेहाल
शिकायतें रह गई अनसुनी , अधिकारी मौज में
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। लोनी क्षेत्र में सहायक क्षेत्रीय आपूर्ति अधिकारी विशाल यादव की लापरवाही से आम जनता परेशान है। राशन वितरण में धांधली की शिकायतों पर कार्यवाही करने के बजाय अधिकारी अक्सर अपने कार्यालय से नदारद रहते हैं। बताया जा रहा है कि पिछले दस दिनों से आपूर्ति अधिकारी की कुर्सी खाली पड़ी है, जबकि फरियादी लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार क्षेत्रीय आपूर्ति अधिकारी, विशाल यादव जिला कार्यालय में जरूरी काम या किसी बहाने से अक्सर अनुपस्थित रहते हैं और लोनी स्थित अपने दफ्तर में कम ही नजर आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारी के न मिलने से उनकी शिकायतें अनसुनी रह जाती हैं, जिससे क्षेत्र में भ्रष्टाचार को लगातार बढ़ावा मिल रहा है।
शासनादेश के अनुसार, अधिकारियों को प्रत्येक कार्य दिवस में अपने कार्यालय में बैठकर जनता की समस्याएं सुननी होती हैं, लेकिन सहायक आपूर्ति अधिकारी इस निर्देश की खुलेआम अवहेलना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि अधिकारी समय से कार्यालय में उपस्थित होकर जनसुनवाई करें और शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें।
फरियादियों का कहना है कि वे घंटों कार्यालय के बाहर अधिकारी का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन अक्सर निराश होकर लौटना पड़ता है। इससे आम जनता में शासन-प्रशासन के प्रति नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
जनता ने मांग की है कि जिला प्रशासन तत्काल इस मामले में संज्ञान ले और अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्यवाही करे, ताकि सरकारी व्यवस्था में सुशासन की भावना बरकरार रह सके।

