गाजियाबाद
लोनी में जल संकट व वायु प्रदूषण पर चल रहा धरना विधायक नंदकिशोर गुर्जर के आश्वासन के बाद समाप्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। टीला क्षेत्र में आर्य समाजी श्री सतेंद्र भगत तथा विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा जल संकट और बढ़ते वायु प्रदूषण के विरोध में जारी धरना मंगलवार को समाप्त हो गया। धरनास्थल पर पहुंचे लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने प्रदर्शनकारियों से संवाद स्थापित किया, उनका ज्ञापन प्राप्त किया और समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
विधायक गुर्जर और आंदोलनकारियों के बीच सकारात्मक एवं गंभीर बातचीत के बाद धरना खत्म करने की घोषणा की गई।
विधायक ने कहा कि जल संकट और वायु प्रदूषण जैसी समस्याएँ बेहद गंभीर और संवेदनशील हैं। टीला क्षेत्र के आर्य समाजी साथियों द्वारा उठाई गई चिंताएँ पूरी तरह उचित हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार के सहयोग से इन मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाइयाँ कर रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोनी में संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को निर्देश दिए जा चुके हैं कि इस दिशा में ठोस कार्रवाई करें।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “मैं अपने लोनी परिवार को आश्वस्त करता हूँ कि हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। जनता की भावनाओं और हितों की रक्षा करना ही मेरी पहली जिम्मेदारी है।”



