
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। अनुमंडल क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय मोड में दिखाई दे रहा है।महागामा थाना के सामने मुख्य सड़क पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आज़ाद के निर्देश पर संचालित किया गया, जिसका नेतृत्व एएसआई खालिद खान ने किया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया, चारपहिया, ऑटो, टोटो, टेंपो, पिकअप सहित सभी प्रकार के वाहनों को रोककर ब्रेथ एनालाइज़र मशीन से शराब सेवन की जांच की। कई चालकों से आवश्यक कागजात भी मांगे गए। इसी क्रम में हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं पहनने, ओवरलोडिंग तथा यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की।मौके पर ही कई चालकों को चेतावनी भी दी गई और भविष्य में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सड़क पर अनावश्यक भीड़भाड़ न हो, इसके लिए यातायात को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया।एएसआई खालिद खान ने कहा
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकना हमारी प्राथमिकता है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी विशेष अभियान चलाया जाएगा और किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।



