गुवाहाटी आईआईटी केंद्रीय विद्यालय में मंडल आधारित युवा सांसद प्रतियोगिता का आयोजन।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के गुवाहाटी स्थित आईआईटी केंद्रीय विद्यालय में मंगलवार को मंडल आधारित युवा सांसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता भारत के कुल पाँच मंडलों में से एक मंडल के तहत आयोजित हो रही है। प्रत्येक मंडल में पांच पांच यानी पच्चीस टीमें इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे। मंगलवार को आयोजित पूर्व मंडल की प्रतियोगिता में असम के गुवाहाटी, शिलचर, तिनसुकिया , कोलकाता और भुवनेश्वर से कुल पांच टीमें भागीदार रहीं। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह केंद्रीय विद्यालय संगठन के गुवाहाटी के उपायुक्त चंद्र शेखर आजाद के स्वागत भाषण के साथ शुरू हुआ। इसे गुवाहाटी लोकसभा संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद किरीप चौलिहा ने औपचारिक रूप से उद्घाटित किया। अपने उद्घाटन भाषण में चौलिहा ने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को हमारे देश की लोकतांत्रिक प्रणाली की समझ बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में देश का नेतृत्व करने की तैयारी करने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं स्वस्थ लोकतंत्र स्थापित करने में अत्यंत सहायक होती हैं। पूर्व सांसद ने जीत-हार दोनों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जैसे जीत जरूरी है वैसे ही हार भी जरूरी है। हार से ही व्यक्ति अपनी गलतियों को सुधार कर आगे सफल होता है।कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय संगठन के संयुक्त आयुक्त डी. मणीवनन ने लोकतांत्रिक परम्परा और मूल्यबोध की विस्तार से व्याख्या की। कार्यक्रम में केंद्रीय संसदीय परिक्रमा विभाग के निदेशक ए. बी. आचार्य, गुवाहाटी आईआईटी के डीन अनुपम शैकीया, सहायक शाखा अधिकारी अविनाश कुमार तथा सहायक आयुक्त नरेश कुमार ओर राम कुमार पानिग्राही भी उपस्थित थे। इससे पहले, गुवाहाटी आईआईटी केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक संगीत के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसके अतिरिक्त, असम के बिहू सहित पारंपरिक लोक नृत्य और निपुण भारत शीर्षक से एक नृत्य नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जो नए शिक्षा नीति के आधार पर तैयार किया गया था। पूर्व सांसद किरीप चौलिहा ने प्रतियोगिता के अनुरूप विद्यालय के छात्रों द्वारा तैयार एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। यह उल्लेखनीय है कि मंडल आधारित इस युवा सांसद प्रतियोगिता में विजेता टीम राष्ट्रीय स्तर की मुख्य प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका प्राप्त करेगी।



