एमआईईटी में एमसीए विभाग का फ्रेशर्स डे समारोह, नवागत छात्रों का भव्य स्वागत
मिस्टर फ्रेशर अंशुल, मिस फ्रेशर अंशिका अग्रवाल चुनी गईं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के एमसीए विभाग में फ्रेशर्स डे समारोह बड़े उत्साह और उल्लासपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। रमन ब्लॉक स्थित ऑडिटोरियम-4 में हुए इस कार्यक्रम का शुभारंभ डीन अकादमिक्स डॉ. संजीव कुमार सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हनी सिंह तोमर, विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश कुमार सोनी और मीडिया हेड अजय चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, फैशन शो तथा प्रतिभा प्रतियोगिताओं ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर मिस्टर फ्रेशर के रूप में अंशुल तथा मिस फ्रेशर के रूप में अंशिका अग्रवाल का चयन किया। इसके अलावा मिस्टर पर्सनैलिटी का खिताब अर्पित कुमार सिंह, मिस पर्सनालिटी का खिताब इशिका, मिस्टर टैलेंटेड का खिताब अमितेश गर्ग और मिस टैलेंट का खिताब आर्ची सिंह को प्रदान किया गया।
विजेताओं की ताजपोशी समारोह का मुख्य आकर्षण रही, जिसने छात्रों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और विभाग की ऊर्जावान संस्कृति को सामने रखा। फ्रेशर्स डे समारोह ने नए विद्यार्थियों को कॉलेज के वातावरण से परिचित कराने के साथ-साथ वरिष्ठ और नवागंतुक छात्रों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



