गाजियाबाद
बलराज नगर में मंदिर विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान
खाटू श्याम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : बलराज नगर कॉलोनी की गली नंबर 5 में पिछले एक सप्ताह से चला आ रहा मंदिर भूमि विवाद आखिरकार श्रद्धा, समझदारी और सामाजिक सौहार्द के साथ समाप्त हो गया। जिस भूमि को लेकर कॉलोनी में तनाव का माहौल बना हुआ था, उसी भूमि को विवादित परिवार द्वारा मंदिर निर्माण के लिए समर्पित किए जाने और साथ ही मंदिर निर्माण हेतु ₹5,50,000 (पांच लाख पचास हजार रुपये) दान देने की घोषणा ने पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया है।
यह विवाद बीते कुछ दिनों से पुलिस व प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ था और सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉलोनी के प्रबुद्ध नागरिकों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी पक्षों को सुना गया।
बैठक में विपिन शर्मा उर्फ राम के परिजनों ने स्पष्ट किया कि यह प्लॉट उन्हें धोखे में रखकर बेचा गया था। जब क्षेत्रीय नागरिकों के माध्यम से उन्हें इस भूमि की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिली तो परिवार ने स्वतः आगे बढ़कर एक अनुकरणीय निर्णय लिया। परिवार के बड़े भाई कपिल शर्मा ने बैठक में घोषणा की कि यह संपूर्ण भूमि मंदिर निर्माण के लिए कॉलोनीवासियों को समर्पित की जाती है और साथ ही मंदिर निर्माण के लिए ₹5.50 लाख की राशि भी दान स्वरूप प्रदान की जाएगी।
परिवार के इस त्याग, धार्मिक भावना और समाजहित में लिए गए निर्णय का बैठक में उपस्थित सभी कॉलोनीवासियों ने खुले दिल से स्वागत किया और उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। उपस्थित लोगों ने इसे धार्मिक सौहार्द, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति के मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
मंदिर निर्माण समिति का गठन
मंदिर निर्माण कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सर्वसम्मति से एक समिति का गठन किया गया। समिति में निम्न पदाधिकारियों की घोषणा की गई—
प्रधान: यशपाल चौहान
उप प्रधान: रमेश महाजन, रामबीर सरोहा
महासचिव: कपिल शर्मा
कोषाध्यक्ष: कुंवरपाल सैन
ऑडिटर: रविन्द्र बन्धु
समिति में अन्य सदस्यों को बाद में शामिल किया जाएगा।
खाटू श्याम जी का होगा भव्य मंदिर
निर्णय के अनुसार इस पावन भूमि पर खाटू श्याम जी महाराज का मंदिर बनाया जाएगा। मंदिर निर्माण कार्य जनवरी माह से प्रारंभ किया जाएगा। कॉलोनीवासियों में इसे लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और कई लोगों ने स्वेच्छा से तन-मन-धन से सहयोग देने की इच्छा भी जताई है।
गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रमेन्द्र जांगड़ा, नगरपालिका परिषद वार्ड संख्या 41 के सभासद अंकुश जैन मिकू, रिपोर्टर सूरज शर्मा, सुशील शर्मा, रोहताश मलिक, बाबू वर्मा, दीपक जैन, रमेश, रविन्द्र कुमार, बाबू राम शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले परिवार की खुले मन से प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
यह पूरा घटनाक्रम यह दर्शाता है कि जब धार्मिक आस्था, आपसी संवाद और सामाजिक जिम्मेदारी एक साथ आती है, तो बड़े से बड़ा विवाद भी श्रद्धा और शांति के साथ सुलझाया जा सकता है। बलराज नगर में खाटू श्याम जी का प्रस्तावित मंदिर आने वाले समय में न केवल आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक होगा।
