
निःशुल्क नेत्र शिविर में 152 ग्रामीणों की जाँच, 16 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु रेफर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। सती महारानी जन कल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क नेत्र जाँच एवं विभागीय शिविर ने सैकड़ों ग्रामीणों के जीवन में उम्मीद और भरोसे की नई रोशनी भर दी।
सुबह से ही शिविर स्थल पर उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़ इस बात की गवाह बनी कि अमेठी की जनता अब दिखावे की राजनीति नहीं,बल्कि काम करने वाले नेतृत्व को महत्व देना चाहती है। बुजुर्गों की आँखों में इलाज की उम्मीद और युवाओं के चेहरों पर भरोसा साफ दिखाई दे रहा था।
इस जनसेवा शिविर की आयोजक एवं मुख्य अतिथि रानी शाम्भवी सिंह रहीं। वे पूरे समय शिविर स्थल पर उपस्थित रहीं और हर व्यवस्था की स्वयं निगरानी की। उन्होंने न केवल चिकित्सकीय प्रक्रिया को देखा, बल्कि मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उनका यह ज़मीनी जुड़ाव यह संदेश देता है कि अमेठी की राजनीति अब एयरकंडीशन्ड कमरों से नहीं, बल्कि गाँव की गलियों से दिशा ले रही है।
इलाज नहीं, राजनीति का नया मॉडल
शिविर के दौरान कुल 152 ग्रामीणों की नेत्र जाँच की गई। इसके साथ ही शुगर जाँच एवं प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 16 जरूरतमंद मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए अमेठी आई हॉस्पिटल रेफर किया गया।
इसके अतिरिक्त 11 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि सरकारी योजनाएँ अब काग़ज़ों से निकलकर ज़मीन पर उतर रही हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से वे केवल आश्वासन सुनते आए थे, लेकिन इस शिविर के माध्यम से उन्हें पहली बार यह महसूस हुआ कि कोई नेतृत्व वास्तव में उनकी समस्याओं को समझ रहा है और समाधान दे रहा है।
अमेठी को अब भाषण नहीं, इलाज चाहिए
जनसभा को संबोधित करते हुए रानी शाम्भवी सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि
अमेठी की जनता अब सब समझती है। यहाँ अब भाषणों से नहीं, इलाज और समाधान से भरोसा बनेगा। राजनीति का मतलब सत्ता नहीं, सेवा है।
उन्होंने आगे कहा कि
मेरे लिए अमेठी कोई चुनावी प्रयोगशाला नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। जब तक गाँव का अंतिम व्यक्ति स्वस्थ और सम्मान के साथ नहीं जिएगा, तब तक मेरा संघर्ष रुकेगा नहीं।”
उनके इस बयान को उपस्थित लोगों ने तालियों और नारों के साथ समर्थन दिया।
योजनाओं का लाभ, ज़मीनी सच्चाई
रानी शाम्भवी सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएँ तभी सार्थक हैं, जब उनका लाभ वास्तविक जरूरतमंद तक पहुँचे। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को निःशुल्क इलाज मिलना सामाजिक न्याय की दिशा में ठोस कदम है, और उनका प्रयास है कि अमेठी का कोई भी पात्र व्यक्ति इससे वंचित न रहे।
साफ संदेश: सेवा ही भविष्य की राजनीति
कार्यक्रम के समापन पर रानी शाम्भवी सिंह ने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशासनिक सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को डाबर कंपनी द्वारा प्रदत्त च्यवनप्राश, एप्पल जूस एवं टूथपेस्ट का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
करौंदी का यह शिविर अमेठी की राजनीति को साफ संदेश देकर गया कि जनता अब चेहरों से नहीं, काम से पहचान करेगी। रानी शाम्भवी सिंह अब केवल एक नाम नहीं, बल्कि “सदैव आपकी सेवा के लिए तत्पर” उस राजनीतिक सोच का प्रतीक बनती जा रही हैं, जो ज़मीन पर उतरकर लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने का दावा नहीं, बल्कि प्रमाण पेश कर रही है। इस अवसर पर श्री राजेश शुक्ला मंडल अध्यक्ष संग्रामपुर प्रधान हरि शंकर यादव, रंजीत श्रीवास्तव, आनंद पांडेय, ज्ञान सिंह, अजय सिंह पतापुर, बब्लू मिश्रा, पप्पू कोरी, सूरज कोरी, स्वाइनाथ कोरी, राम प्रसाद पाल, शिव बहादुर यादव, हिमांशु श्रीवास्तव, गौरव सिंह गुलालगढ़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


