गाजियाबाद
नगरपालिका परिषद लोनी के वार्ड 33 के प्रेम विहार में नीचे लटकते बिजली के तार बन रहे खतरा
हर पल मंडराता रहता है हादसों का साया

कई बार हो चुकी विधुत दुर्घटनाएँ, शिकायतों के बाद भी विद्युत विभाग बेपरवाह — स्थानीय लोग सहमे
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी : लोनी नगरपालिका परिषद वार्ड 33 में स्थित प्रेम विहार द्वितीय की गलियों में जगह-जगह नीचे लटकते बिजली के तार क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बने हुए हैं। कम ऊँचाई पर खतरनाक स्थिति में झूलते इन तारों के कारण हर समय किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पूर्व में भी कई बार इन तारों की चपेट में आकर लोग झुलस चुके हैं, जबकि कई आवारा जानवरों की जान विधुत के नंगे तारों की चपेट में आने के कारण जा चुकी है। इसके बावजूद भी स्थानीय नागरिकों के बार-बार शिकायत करने के बाद भी बिजली विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
कॉलोनी के भीतरी इलाकों और मुख्य मार्गों पर कई स्थान ऐसे हैं जहाँ झूलते तार राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। जर्जर हालत वाले ये तार हल्की हवा में आपस में टकरा जाते हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो जाती है। कुछ स्थानों पर तो तार घरों की दीवारों और बालकोनियों को छूते हुए गुजर रहे हैं, जिसके कारण लोग अपने बच्चों को छत पर भेजने तक से डरने लगे हैं।
स्थानीय पार्षद रामनिवास त्रिपाठी ने बताया कि इस समस्या को कई बार विभागीय अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान व सुनवाई नहीं हुई । उनका कहना है कि स्थिति जस की तस बनी रहने पर किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही तार बदलने और मरम्मत का कार्य विधुत विभाग द्वारा शुरू नहीं किया गया, तो वे शीर्ष अधिकारियों से मिलकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे।
दिल्ली से सटे इस घनी आबादी वाले क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएँ पहले ही कमजोर हैं। स्थानीय लोग आरोप लगाते हैं कि बिजली विभाग नए कनेक्शन जारी करने में तो तत्पर रहता है, लेकिन जर्जर और लटके बिजली तारों की मरम्मत के लिए कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।





