हिरणपुर थाना क्षेत्र के कदम टोला गांव में आग लगने से मकान व दुकान जलकर राख
A house and shop were gutted in a fire in Kadam Tola village under the Hiranpur police station area.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कदम टोला गांव में एक मकान सह दुकान में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग की चिंगारी देखते ही आसपास के लोग मौके पर जुटे, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही घर का छप्पर, घरेलू सामान सहित नकदी जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से घर में रखे खाने-पीने का सामान, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं। पीड़ित परिवार के पास सिर्फ शरीर पर पहने हुए कपड़े ही बच पाए हैं। भीषण ठंड के इस मौसम में पीड़ित परिवार को तत्काल सहयोग की आवश्यकता महसूस की जा रही है। बताया जा रहा है कि मकान के एक छोटे कमरे में एक छोटी सी दुकान भी संचालित थी, जो परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी। आग लगने से दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे परिवार की आय का साधन भी छिन गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को अविलंब राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा पुनर्वास योजना के तहत सहायता प्रदान की जाए, ताकि प्रभावित परिवार दोबारा जीविकोपार्जन कर अपने जीवन को संवार सके।



