जिला प्रशासन ने जेपीएससी एवं जेएसएससी निःशुल्क कोचिंग सेन्टर का किया शुभारम्भ, आधुनिक सुविधाओं से युक्त अध्ययन केन्द्र विद्यार्थियों के सपनों को देगा नई उड़ान- डीसी
The district administration inaugurated the free coaching centre for JPSC and JSSC. The study centre equipped with modern facilities will give new wings to the dreams of the students - DC

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। प्रोजेक्ट प्रयास – हुनर से होनहार तक के अन्तर्गत बुधवार को भगवान बिरसा मुंडा शिक्षण केन्द्र सह- पुस्तकालय, पाकुड़ एवं जेपीएससी एवं जेएसएससी की निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का शुभारम्भ उपायुक्त मनीष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार एवं एडीपीओ पीयूष कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह अध्ययन एवं मार्गदर्शन केन्द्र विद्यार्थियों के लिए दूरदृष्टि, समर्पण एवं कठिन परिश्रम का परिणाम है। इसका उद्देश्य पाकुड़ जिले के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय, स्मार्ट एवं एकीकृत शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें।उन्होंने कहा कि केंद्र में विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट क्लास, सेल्फ स्टडी की व्यवस्था, फॉर्म भरने एवं प्रिंटआउट जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। आनेवाले समय में परिसर में कैफेटेरिया, रीडिंग रूम एवं औषधीय (मेडिसिनल) गार्डन का भी विकास किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि ठंड के मौसम में छात्र- छात्राएं खुले वातावरण में ग्रुप डिस्कशन कर सकें, इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने पुस्तक दान की अपील करते हुए स्वयं अपने माता-पिता की ओर से पुस्तक दान करने की घोषणा की। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि रास्ता केवल दिशा दिखाता है, चलना स्वयं पड़ता है। यह कोई नहीं बता सकता कि कल किसका चयन होगा, लेकिन यह निश्चित है कि जो मेहनत करेगा, वही अपने लिए अवसर बनाएगा। जन्म से सभी समान नहीं होते, लेकिन परिश्रम से हर व्यक्ति जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से परिसर को स्वच्छ, अनुशासित एवं सकारात्मक बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह केंद्र इन्वॉल्वमेंट- फ्रेंडली वातावरण के साथ विकसित किया गया है। भविष्य में यहां अनुभवी शिक्षक, अधिकारी एवं विशेषज्ञ भी कक्षाएं लेंगे। पुस्तकालय को और अधिक समृद्ध किया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती ने कहा कि यह केंद्र नई शुरुआत और नए सपनों का प्रतीक है, जहाँ से अनेक विद्यार्थियों के सपने साकार होंगे। उन्होंने बताया कि पिछले माह दोनों बैच की कक्षाएं प्रारंभ हो चुकी हैं तथा शीघ्र ही इसका औपचारिक उद्घाटन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उपायुक्त की पहल से शिक्षा विभाग की एक पुरानी इमारत को आधुनिक शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण केंद्र में परिवर्तित किया जा रहा है, जिससे जिले के सैकड़ों छात्र- छात्राओं को लाभ मिलेगा। यह केंद्र जेपीएससी, जेएसएससी, सेना, सुरक्षा बलों एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक मजबूत मंच बनेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने विश्वास जताया कि बहुत जल्द इस केंद्र से ऐसे अभ्यर्थी निकलेंगे, जो पाकुड़ जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। केंद्र में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है तथा भविष्य में और विषय जोड़े जायेंगे। उपायुक्त मनीष कुमार ने बुधवार को भगवान बिरसा मुंडा शिक्षण केन्द्र सह- पुस्तकालय में पुस्तक दान कर अभियान का शुभारम्भ करते हुए स्वयं पुस्तक दान किया। इस अभियान का उद्देश्य जिले के विद्यालयों, पुस्तकालयों एवं अध्ययन केन्द्रों में पुस्तकों का संग्रह बढ़ाना तथा विद्यार्थियों और आमजन में अध्ययन और पठन-पाठन के प्रति जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम में डीबीएल कॉल माइंस से वरिष्ठ प्रबंधक समन्वय संजीव कुमार सिंह, प्रबंधक रोड अजय सिंह सिसोदिया समेत कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, कोषाध्यक्ष असद हुसैन, प्रखण्ड अध्यक्ष मानसारुल हक आदि उपस्थित थे।



