पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पिकनिक के दौरान हुए विवाद के बाद बमबाजी, कोई हताहत नहीं
Bombings erupt after a picnic dispute in Pakur Mufussil police station area, no one injured

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र अन्तर्गत झिकरहाटी पंचायत के नया टोला में पिकनिक के दौरान हुए विवाद को लेकर बम फोड़ने की घटना सामने आई है। यह घटना नववर्ष (1 जनवरी) की रात शुरू हुए आपसी विवाद का परिणाम बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नववर्ष की रात पिकनिक मनाने के दौरान कालू शेख और बैतूल शेख के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर देर रात पंचायत के माध्यम से मामले को सुलझा लिया गया था। हालांकि, शुक्रवार की सुबह से ही दोनों पक्षों के बीच फिर से तनावपूर्ण माहौल बन गया और एक-दूसरे के खिलाफ विवादित बातें होने लगीं। इसी दौरान कालू शेख और बैदुल शेख के बीच दोबारा विवाद उत्पन्न हो गया, जो इतना बढ़ गया कि नया टोला स्थित एक खेत में बम फोड़े जाने की बात कही जा रही है। बम फोड़ने की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही पाकुड़ मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के लोग घटनास्थल से फरार हो चुके थे। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गये हैं। किसी कार्य को लेकर महिने भर से गहमागहमी रही है। पिकनिक को लेकर तना-तनी की बातें सामने आ रही है, और यह तनावपूर्ण स्थिति के हालात उत्पन्न होने पर घटित हुई है। पुलिस उनकी पहचान करने हेतु आगे की कार्रवाई में लगी हुई है।



