खैरथल
भिवाड़ी–धारूहेड़ा जलभराव समस्या के स्थायी समाधान के लिए हुई उच्च स्तरीय बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
नई दिल्ली/खैरथल-तिजारा। राष्ट्रीय राजमार्ग–919 पर भिवाड़ी–धारूहेड़ा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक माननीय श्री नितिन गडकरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में भजनलाल शर्मा, मुख्यमंत्री राजस्थान, भूपेंद्र यादव, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री, राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय मंत्री; राव नरबीर सिंह, पर्यावरण मंत्री, हरियाणा सरकार तथा सुरेश रावत, जल संसाधन मंत्री, राजस्थान सरकार उपस्थित रहे।
बैठक में घरेलू सीवरेज जल एवं वर्षा जल के प्रबंधन पर व्यापक चर्चा की गई। यह निर्णय लिया गया कि भिवाड़ी का घरेलू अपशिष्ट जल 34 एमएलडी क्षमता के एसटीपी के माध्यम से उपचारित किया जाएगा, जो मार्च 2026 तक क्रियाशील हो जाएगा। वहीं औद्योगिक अपशिष्ट जल का उपचार 6 एमएलडी क्षमता के सीईटीपी द्वारा किया जाएगा, जिसे हाल ही में ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) मानकों के अनुरूप उन्नत किया गया है। एसटीपी के शोधित जल को पाइपलाइन द्वारा सराय खुर्द बांध ले जाया जायेगा, जहाँ से इस जल को सिंचाई के लिए किसानों द्वारा एवं उद्योगों द्वारा पुन: उपयोग किया जा सकेगा।
यह भी निर्णय हुआ कि केवल स्वच्छ जल मानकों पर खरा उतरने वाला उपचारित जल ही मसानी बैराज में प्रवाहित किया जाएगा। राजस्थान एवं हरियाणा सरकारें संयुक्त रूप से जल की गुणवत्ता की निगरानी करेंगी।


