अमरोहा

पीएनबी में टप्पेबाजी, महिला की गाढ़ी कमाई से 15 हजार पार, सुरक्षा पर उठे सवाल

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 अमरोहा के ​हसनपुर नगर की राजपूत कॉलोनी स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। यहाँ पैसे निकालने आई एक बेबस महिला टप्पेबाजी का शिकार हो गई। शातिर ठग ने नोट गिनने के बहाने महिला की गड्डी से 15 हजार रुपये साफ कर दिए। घटना के बाद बैंक में हड़कंप मच गया और बैंक प्रबंधन की लापरवाही के खिलाफ आक्रोश देखा गया।
​सुनार की दुकान पर खुली पोल
रहरा थाना क्षेत्र के गांव जहतोली निवासी मुन्नी पत्नी अलाउद्दीन बुधवार दोपहर बैंक से 50 हजार रुपये निकालने आई थीं। नकद निकासी के बाद बैंक परिसर में ही एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद के बहाने नोट गिनने के लिए गड्डी हाथ में ली और बड़ी सफाई से 15 हजार रुपये निकाल लिए। महिला को बैंक में इसका पता नहीं चला। जब वह नगर की एक सुनार की दुकान पर पहुंची और वहां नोट गिनवाए, तब पता चला कि गड्डी में मात्र 35 हजार रुपये हैं। यह सुनते ही महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई और वह रोती-बिलखती वापस बैंक पहुंची।
​डेढ़ घंटे बैठी रही पीड़िता, कैमरों ने दिया धोखा
पीड़िता मुन्नी का आरोप है कि घटना के बाद वह करीब डेढ़ घंटे तक बैंक में मदद की गुहार लगाती रही। सूचना पर पहुंची 112 डायल और कोतवाली पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो बैंक की भारी लापरवाही सामने आई। बैंक के कैमरे इतने धुंधले हैं कि संदिग्ध का चेहरा पहचानना नामुमकिन है। स्थानीय लोगों ने रोष जताया कि बैंक में न तो सिक्योरिटी गार्ड है और न ही कैमरे सही काम कर रहे हैं।
​अधिकारी ने नहीं उठाया फोन
पुलिस पीड़िता को कोतवाली ले गई है और मामले की छानबीन की जा रही है। इस संबंध में जब क्षेत्राधिकारी (CO) पंकज त्यागी से उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। बैंक परिसर में हुई इस टप्पेबाजी ने सुरक्षा और बैंक प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button