रेल पटरी पर लोहे का टुकड़ा रखकर ट्रेन दुर्घटना की साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार
Three accused arrested for planning train accident by placing iron pieces on railway tracks

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। तिलभीता और कोटलपोखर रेलवे स्टेशन के बीच रेल पटरी पर लोहे का टुकड़ा रखकर ट्रेन संचालन को बाधित करने की गंभीर साजिश के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 10 जनवरी 2026 को किलोमीटर संख्या 156/04 पर प्रकाश में आया था, जहां 1.57 मीटर लंबा रेल का टुकड़ा पटरी पर रखा गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यार मोहम्मद शेख उर्फ जोकर (29), राहुल शेख (27) और नजमी शेख (33) के रूप में हुई है। तीनों पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इस संबंध में RPF पोस्ट पाकुड़ में कांड संख्या 18/2026 दर्ज की गई है, जबकि जीआरपी द्वारा भी अलग से मामला दर्ज किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए RPF, GRP पाकुड़ और CIB बर्दवान की संयुक्त टीम का गठन कर जांच तेज की गई। 14 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर कुमारपुर लेवल क्रॉसिंग गेट क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से यार मोहम्मद शेख उर्फ जोकर और राहुल शेख को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने तिलभीता रेलवे स्टेशन क्षेत्र में 6 जनवरी की रात को कोयला चोरी करने और 10 जनवरी को रेल पटरी पर लोहे का टुकड़ा रखने की साजिश को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि उनके एक साथी की गिरफ्तारी से नाराज होकर उन्होंने रेलवे प्रशासन को परेशान करने और ट्रेन परिचालन बाधित करने की योजना बनाई थी। आरोपियों के खुलासे के आधार पर तीसरे आरोपी नजमी शेख को भी कुमारपुर गांव के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने भी घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। रेलवे पुलिस के अनुसार, यह कृत्य यात्रियों की जान को खतरे में डालने वाला गंभीर अपराध है। तीनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। रेलवे प्रशासन ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। मामले की आगे की जांच जारी है।



