56वीं कनारा क्रिकेट ट्रॉफी
शुभम रोहिल्ला के तूफानी शतक से इंडियन नेवी फाइनल में, नागपुर को 21 रनों से हराया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
विदिशा : शहर के प्रतिष्ठित कनारा क्लब द्वारा आयोजित ऐतिहासिक 56वीं कनारा क्रिकेट ट्रॉफी का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला आज रोमांच और उत्साह से भरा रहा। इंडियन नेवी ने वीटीसीए नागपुर को 21 रनों से हराकर फाइनल में धमाकेदार एंट्री कर ली है।
अतिथियों की उपस्थिति में राष्ट्रगान से आगाज
आज के सेमीफाइनल मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति राकेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री श्याम सुंदर शर्मा,श्री मनोज कटारे श्रीमती सपना राजेश जैन और श्री नरेंद्र जैन की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रगान के साथ हुआ।
रोहिल्ला और तंवर की आतिशी बल्लेबाजी
मुकाबले की शुरुआत में वीटीसीए नागपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, जो इंडियन नेवी के बल्लेबाजों के आगे गलत साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेवी की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 242 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
इंडियन नेवी की ओर से शुभम रोहिल्ला ने दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने मात्र 49 गेंदों में 8 चौकों और 7 आसमानी छक्कों की मदद से नाबाद 102 रनों की शतकीय पारी खेली। उनका साथ देते हुए नितिन राधा तंवर ने भी 25 गेंदों में 56 रनों की धुआंधार पारी खेली। इसके अलावा कुंवर पाठक, शमशेर यादव और मोहित जांगड़ा ने भी तेजतर्रार पारियों से टीम के स्कोर को पहाड़ जैसा बना दिया।
नागपुर का कड़ा संघर्ष, लेकिन 21 रन से चूके
243 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागपुर की टीम ने भी हार नहीं मानी। ओपनर आर. संजय ने 44 गेंदों में 84 रन बनाकर मैच को रोमांचक बना दिया। राठी ने 20 गेंदों पर 41 रन और अंत में दिनेश नोएडा ने 26 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाकर मैच को आखिरी ओवरों तक खींच लिया।
हालाँकि, इंडियन नेवी के गेंदबाजों—मोहित जांगड़ा, पूनम पूनिया, अमित शुक्ला और विशाल गौड़—ने बीच के ओवरों में शानदार और अनुशासित गेंदबाजी की। नागपुर की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट पर 221 रन ही बना सकी और इंडियन नेवी ने यह मुकाबला 21 रनों से जीत लिया।
पुरस्कार वितरण
मैच में शानदार शतक लगाने वाले शुभम रोहिल्ला को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। यह पुरस्कार उन्हें श्री राम चंद्र यादव और श्री नवतेज सिंह द्वारा प्रदान किया गया।
इस जीत के साथ इंडियन नेवी ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहाँ अब वह खिताब जीतने के इरादे से खिताबी मुकाबले में उतरेगी।
कल प्रतियोगिता का फाइनल मैच फ़रीदाबाद और इंडियन नेवी के मध्य खेला जाएगा।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री माननीय प्रह्लाद पटेल जी उपस्थित रहेंगे।
भवदीय,
सचिव,
कनारा क्रिकेट क्लब (स्था. 1969)
विदिशा (म.प्र.)




