गोड्डा
पी०एम० पोषण योजना की स्टीयरिंग/मॉनिटरिंग समिति की बैठक संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा: आज दिनांक 15 जनवरी 2026 को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा अंजली यादव की अध्यक्षता में पी०एम० पोषण (प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण) योजना से संबंधित जिला स्तरीय स्टीयरिंग/मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, नियमितता एवं पोषण मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बच्चों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने विद्यालयों में खाद्यान्न की आपूर्ति, भंडारण व्यवस्था, रसोइयों/सहायिकाओं की उपस्थिति, मानदेय भुगतान, रसोईघर एवं बर्तन की स्वच्छता सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में नियमित रूप से निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में हाथ धोने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, रसोईघर की साफ-सफाई तथा भोजन पकाने में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच एवं पोषण जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित करने पर भी बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि पी०एम० पोषण योजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना, पोषण स्तर में सुधार करना एवं शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करना है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



