अमरोहा
भ्रष्टाचार पर मंत्री का चाबुक
लाइनमैन बर्खास्त, जेई निलंबित; अमरोहा के पीड़ित की शिकायत पर लखनऊ में बड़ी कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। मामला अमरोहा जनपद के नौगावां सादात का है, जहाँ के निवासी मोहम्मद यूसा को नया विद्युत संयोजन कनेक्शन लेने के लिए विभागीय दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे थे और उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी।
स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान होकर मोहम्मद यूसा लखनऊ में ऊर्जा मंत्री की जनसुनवाई में जा पहुँचे। मंत्री ने पीड़ित की व्यथा को गंभीरता से सुना और तत्काल पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड PVVNL के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता को फोन लगाकर कड़ी नाराजगी जताई।
मंत्री के निर्देश के बाद विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में दोषियों पर कार्रवाई की गाज गिरी।
इस मामले में लाइनमैन अब्बास अली की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं, जबकि कनिष्ठ अभियंता (जेई) राजीव सिंह को निलंबित कर दिया गया है। भ्रष्टाचार की आंच यहीं नहीं रुकी; विभागीय लापरवाही और निगरानी में कमी को देखते हुए एसडीओ और अधिशासी अभियंता से ‘नियम 10’ के तहत स्पष्टीकरण मांगा गया है।
भ्रष्टाचार की यह स्थिति सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े करती है कि एक छोटे से बिजली कनेक्शन के लिए आम आदमी को लखनऊ तक की दौड़ लगानी पड़ रही है। ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता का उत्पीड़न करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से अमरोहा के बिजली विभाग में खलबली मची हुई है।


