बेतुल
बैतूल शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर बना नगर परिषद का गोदाम
कांग्रेस ने सत्याग्रह कर जताया विरोध

सीएमओ और संबंधित ठेकेदार पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। चिचोली के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में नगर परिषद द्वारा रेत, गिट्टी और सीमेंट का अनाधिकृत भंडारण किए जाने से पढ़ाई और खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार 23 जनवरी को सत्याग्रह कर विरोध जताया। राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय आर्य ने बताया कि विद्यालय परिसर के भीतर नगर परिषद के निर्माण कार्य की सामग्री रखी जा रही है और वहीं निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। इससे शोर और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और खेल गतिविधियों पर पड़ रहा है। परीक्षा का समय नजदीक होने के बावजूद इस संवेदनशील विषय पर प्रशासन की चुप्पी पर नाराजगी जताई गई है।
– दो दिन में हटाने का मिला आश्वासन
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में अनाधिकृत रूप से रखी गई निर्माण सामग्री के विरोध में नगर अध्यक्ष विजय आर्य के नेतृत्व में राहुल पटेल, कमल सेठ, अलकेश पटेल, रूपेश आर्य, हर्ष भूसारी, सैम आर्य, गौरव आर्य, राजेश बाबा, धर्मेंद्र भलावी, भूपेन्द्र आर्य, रोहित आर्य, पार्षद राज उइके, मोहित आर्य, महेशचंद्र आर्य, मोनू आर्य, आर्यन आर्य, दीपक सेस्कर, पुनीत आर्य सहित बड़ी संख्या में छात्र स्कूल परिसर में धरने पर बैठे। धरने के दौरान तहसीलदार और नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ मौके पर पहुंचे और दो दिन के भीतर स्कूल परिसर से समस्त निर्माण सामग्री हटाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया।
– पूर्व शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं
ब्लॉक कांग्रेस का कहना है कि इस मामले को लेकर पूर्व में भी पत्र के माध्यम से शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद न तो नगर परिषद पर और न ही संबंधित ठेकेदार पर कोई कार्रवाई की गई। संगठन ने आरोप लगाया कि प्रशासन किसी दबाव में कार्यवाही से बच रहा है, जिससे जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है।
– सीमांकन और सुरक्षा की मांग
कांग्रेस ने पूरे शाला परिसर का सीमांकन कर वास्तविक सीमा तय करने, चारों ओर पक्की बाउंड्रीवाल बनाने, खेल मैदान को संरक्षित करने और खेल परिसर के जीर्णोद्धार की मांग की है। इसके साथ ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद चिचोली और संबंधित ठेकेदार पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग भी की गई है।
– बच्चों को राजनीति से दूर रखने की अपील
ज्ञापन में यह मुद्दा भी उठाया गया कि विद्यालय के बच्चों का आए दिन राजनीतिक कार्यक्रमों में उपयोग किया जा रहा है, जो गैर-संवैधानिक है। संगठन ने इसे तत्काल रोकने और बच्चों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखने की मांग की है।
अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदार के खिलाफ विधिसंगत न्यायिक कार्रवाई करवाई जाए, ताकि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर की गरिमा और छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।



