ललितपुर
चाकू से गोदकर व्यापारी की नृशंस हत्या
दुकान की रजिस्ट्री कराने को लेकर हुई वारदात ,पत्नी व बड़ा भाई मौके पर था मौजूद, आरोपी पकड़ा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शुक्रवार की सुबह शहर में उस समय हड़कम्प मच गया, जब घर बुलाकर व्यापारी की चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी मो. मुश्ताक, एएसपी कालू सिंह, सीओ सिटी अजय कुमार और कोतवाली पुलिस दलबल सहित जिला अस्पताल पहुंच गए। वहीं पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल पर जाकर मौका मुआयना किया और फॉरेंसिक व टेक्निकल पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाए।
बताया जा रहा है कि मोहल्ला छत्रसालपुरा में रहने वाले हरी पटवा ने कटरा बाजार स्थित एक दुकान का सौदा नझाई बाजार में रहने वाले प्रेम अग्रवाल पुत्र मुरलीधर अग्रवाल के साथ किया था। कई वर्षों पहले हुये दुकान के इस सौदे में तत्समय के अनुसार प्रतिफल प्रेम अग्रवाल को दिया गया था, लेकिन तत्समय दुकान की रजिस्ट्री नहीं करायी गयी थी। इस पर हरी पटवा ने बाद में रजिस्ट्री कराने की बात कही थी। चूंकि कुछ वर्षों पहले हरी पटवा का निधन हो गया था, लिहाजा उनके पुत्र इस दुकान की रजिस्ट्री कराने की तैयारी में थे। इस बात को प्रेम अग्रवाल व उनका प्रकाश नाम का पुत्र जिसका सही नाम राकेश अग्रवाल भी बताया जा रहा है ने टालना शुरू कर दिया। लम्बे समय तक रजिस्ट्री कराने की बात को टाले जाने से आहत हरी पटवा का छोटा पुत्र 35 वर्षीय कृपासागर पटवा अपने पत्नी 32 वर्षीय रजनी व भाई को साथ लेकर 30 जनवरी शुक्रवार की सुबह करीब 11.30 बजे नझाई बाजार स्थित प्रेम अग्रवाल के घर जा पहुंचा, जहां राकेश उर्फ प्रकाश उसे मिला। घर के एक कमरे में बैठकर सभी दुकान की रजिस्ट्री कराने की तारीख को लेकर वार्ता कर रहे थे। इसी बीच राकेश उर्फ प्रकाश ने कृपासागर पटवा को दूसरे कमरे में बुलाया। दूसरे कमरे में जैसे ही कृपासागर पहुंचा तो राकेश अग्रवाल अचानक से उस पर हमलावर हो गया और धारदार चाकू से पहले गर्दन पर प्रहार कर दिया और दूसरा हमला करते हुये उसने चाकू सीधा पसलियों के बीच से सीने में उतार दिया। चीख-पुकार सुनकर दूसरे कमरे में बैठे कृपासागर का भाई डब्बू पटवा व पत्नी रजनी भी मौके पर पहुंची, जहां उन्होंने कृपासागर पटवा को रक्त रंजित अवस्था में देखा। इसी बीच कृपासागर निढ़ाल होकर जमीन पर गिर पड़ा। डब्बू पटवा का आरोप है कि कृपासागर को मारने के बाद राकेश उर्फ प्रकाश ने उसे उठाकर सड़क पर फेंक दिया। यह मंजर देखकर वहां लगने वाली सब्जी मण्डी में आये लोग भी सन्न रह गये। घटना के बाद लोग तत्काल कृपासागर को उठाकर जिला अस्पताल की ओर भागे, यहां पहुंचने पर अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने कृपासागर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल राकेश अग्रवाल के नझाई बाजार स्थित आवास पर पहुंच कर मौके को सील कर दिया। इधर सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक जिला अस्पताल के इमरजेंसी पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक के भाई डब्बू पटवा से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। इस दौरान एसपी मृतक के भाई को सांत्वना देते हुये भी नजर आये। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह व सीओ सिटी अजय कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम का बारीकी से कागजातों में जांच की। इस घटना से पूरे शहर में हड़कम्प मचा रहा। वहीं जिला अस्पताल में कटरा बाजार समेत शहर भर के व्यापारी नेता भी पहुंचे, जिन्होंने इस घटना को काफी दुखद बताया।
इनका कहना है
दुकान को लेकर मृतक के परिजनों ने रुपये दिये थे। दुकान की रजिस्ट्री को लेकर इन्हें घुमाया जा रहा था। शुक्रवार को मृतक इनके घर गये थे और यह घटना घटित हुयी। घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच कर रही है, जिसके आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।
मो.मुश्ताक, एसपी ललितपुर
