शामली
छात्र हत्याकांड प्रकरण, गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन,
हत्या आरोपियों के पुलिस हिरासत के फोटो दिखाने के बाद हुआ दफन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील में दिनदहाड़े कक्षा 12 के छात्र की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक शव को दफनाने से मना कर दिया। इस दौरान पुलिस और कैराना विधायक नाहिद हसन के बीच घंटों तक वार्ता चली। बाद में थाना प्रभारी द्वारा मुख्य आरोपी के हिरासत में लिए जाने के फोटो दिखाए जाने पर परिजन माने और शव को सपुर्द-ए-खाक किया गया।गांव इस्सोपुरटील निवासी सलीम का 18 वर्षीय पुत्र अरशद गांव के मुरली मनोहर इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था। गत रविवार को अरशद को उसके दोस्त विराट का फोन आया, जिसके बाद विराट उसे बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया। करीब आधे घंटे बाद बोड्ढा रोड पर एक दुकान के बाहर अरशद का खून से लथपथ शव पड़ा मिलने की सूचना मिली। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि अरशद की चाकुओं से गोदकर हत्या की गई थी। शव के पास ही एक तमंचा भी पड़ा मिला।घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी सतीश कुमार मौके पर पहुंचे और डायल 112 पुलिस की मदद से शव को कस्बे के सरकारी अस्पताल भिजवाया। वहीं सीओ कैराना हेमंत कुमार व एएसपी सुमित शुक्ला ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। छात्र की हत्या की सूचना पर सपा विधायक नाहिद हसन भी थाने पहुंचे और पुलिस के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।मृतक के पिता सलीम ने गांव के ही हिमांशु, कार्तिक, विराट व लगन सहित दो अज्ञात युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने देर रात मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। शव को देखते ही महिलाओं में कोहराम मच गया और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया।
परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ गए और शव दफनाने से इनकार कर दिया। सूचना पर विधायक नाहिद हसन भी गांव पहुंचे। काफी देर तक पुलिस और विधायक के बीच वार्ता चलती रही, लेकिन भीड़ मानने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद थाना प्रभारी सतीश कुमार ने मुख्य आरोपी के हिरासत में लिए जाने के फोटो भीड़ और विधायक को दिखाए। तब जाकर परिजन शांत हुए और शव को कब्रिस्तान ले जाकर सपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोग मौजूद रहे। सपा विधायक नाहिद हसन का कहना है कि वह मामला विधानसभा में उठाएंगे।थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी हिमांशु सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।



