नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंकुर बिहार थाना क्षेत्र के कच्चा बलराम नगर में एक 17 वर्षीय किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घायल किशोर को गंभीर अवस्था में गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राशिद गेट गली नंबर-2 निवासी मुस्ताक पुत्र अहमद हसन ने अंकुर विहार थाने में दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा समीर परचून की दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान शाहिल उर्फ शाहिब पुत्र शाहिद, साहिल पुत्र नईमा तथा इरशाद पुत्र गबरु, निवासी गढ़ डाबर तालाब, ने अचानक उस पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की।
हमले में समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


