ललितपुर

शिवेन्द्र के बाद फॉच्र्युनर की टक्कर से घायल अनुज यादव की भी मौत

गिरफ्तारी व आर्थिक सहायता की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण

सड़क हादसे से गूंजी सियासत, चक्काजाम में सपा-कांग्रेस का मिला समर्थन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने अब पूरी तरह राजनीतिक तूफान का रूप ले लिया है। हादसे में शिवेंद्र की मौके पर मौत और घायल अनुज की झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि हादसे में शामिल फॉच्र्युनर वाहन एक नामजद पर ठोस कार्यवाही नहीं की गयी।
राजनीतिक दलों की एंट्री, सरकार पर सीधा हमला
प्रदर्शन की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष नैपाल सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष सपा ज्योति सिंह लोधी, सपा नेत्री गीता मिश्रा, विजय यादव, इंजी.हृदेश यादव मुखिया, शत्रुघन यादव, पूजा यादव बुन्देलखण्डी, नरेन्द्र सिंह राजपूत, प्रमोद यादव इमलिया, कांग्रेस नेता मोन्टी शुक्ला, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित यादव, भीम आर्मी के जिला प्रभारी हरपाल सिंह व जिलाध्यक्ष रमाकांत चौधरी समेत कई राजनेता मौके पर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। नेताओं ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में हुआ अपराध बताया। सपा नेताओं ने कहा कि यदि आरोपी किसी आम परिवार से होता तो अब तक गिरफ्तारी हो चुकी होती, लेकिन प्रभावशाली लोग होने के कारण सही कार्यवाही नहीं हो पायी। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था केवल कागजों में है, जमीनी हकीकत में प्रभावशाली लोगों को खुली छूट मिली हुई है।
डीएम-एसपी ने प्रदर्शनकारियों को समझाया
बरखेरा में प्रदर्शन कर रहे लोगों की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक, एएसपी कालू सिंह, एडीएम अंकुर श्रीवास्तव, एसडीएम सदर मनीष विश्वकर्मा, सीओ सिटी सुनील कुमार मौके पर पहुंच गये। यहां डीएम सत्य प्रकाश ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से कहा कि प्रशासनिक स्तर से मृतक के परिजनों को जो भी मदद संभव है की जा रही है। कहा कि दोनों मृतकों को तत्काल 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया करायी जा रही है। वहीं एसपी मो.मुश्ताक ने कहा कि घटना के बाद पुलिस को दी गयी तहरीर के अनुसार सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की गयी है। इसमें धाराओं के अनुसार जो भी कार्यवाही है, वह की जा रही है। डीएम-एसपी ने लोगों से आह्वान किया कि वह इस प्रकार प्रदर्शन न करें, ताकि दूसरे लोगों को भी परेशानियां न हों।
इनका कहना है
सड़क दुर्घटना में पहले एक युवक की दुखद मृत्यु हुयी थी, जिसके बाद उपचाररत एक और युवक की मृत्यु हो गयी, जिससे मृतक के परिजनों में रोष व्यक्त किया गया था। परिजनों की मांग जो थी, उस पर कार्य किया गया। मृतक के परिजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा और हर संभव मदद की जायेगी।
सत्य प्रकाश, जिलाधिकारी ललितपुर
इनका कहना है
थाना जाखलौन क्षेत्र में विगत दिनों एक एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की उसी समय मौत हो गयी थी। दूसरे घायल की कल रात मृत्यु हो गयी थी। उसी को लेकर परिजनों द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया था। इस पर उन्होंने डीएम के साथ परिजनों से वार्ता करके उनको समझाया गया, उसके बाद परिजनों ने शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गये। यातायात सुचारू है और कानून व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई परेशानी नहीं है।
मो.मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button