गोड्डा
गोड्डा में सीबीएसई 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू, 9000 से अधिक परीक्षार्थी शामिल
सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की कड़ी तैयारी

10वीं की परीक्षा 10 मार्च तक, 12वीं की 9 अप्रैल तक चलेगी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : सीबीएसई की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाएं मंगलवार से गोड्डा जिले के विभिन्न केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में शुरू हो गई हैं। इस वर्ष जिले भर से 9000 से अधिक परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और छात्र-अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। साथ ही विशेष जरूरत वाले विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 10 मार्च तक संचालित होंगी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक चलेंगी। मंगलवार को 10वीं के विद्यार्थियों की गणित विषय की परीक्षा आयोजित की जा रही है। वहीं 12वीं की परीक्षा में जैव प्रौद्योगिकी, उद्यमिता, हिंदी आशुलिपि (शॉर्टहैंड) और अंग्रेजी आशुलिपि विषय शामिल हैं। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव भी देखा जा रहा है। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। जानकारी के अनुसार, परीक्षा जिले के प्रमुख विद्यालयों में आयोजित की जा रही है, जिनमें PM Shri Kendriya Vidyalaya, CM School of Excellence Plus Two High School, Bethal Mission School, Kasturba Gandhi Balika Vidyalaya तथा Jawahar Navodaya Vidyalaya मुख्य रूप से शामिल हैं। प्रशासन ने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा संचालन में सतर्कता बरतने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।



