रेनबो ने दी मनोज कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि

एनपीटी गोड्डा ब्यूरो
गोड्डा : स्थानीय रेनबो म्यूजिकल ग्रुप ने शनिवार शाम इंडोर स्टेडियम में एक शोक सभा का आयोजन कर बाबा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित तीन पीढ़ियों के लोकप्रिय फिल्म अभिनेता, निर्देशक एवं निर्माता मनोज कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष सुरजीत झा ने स्व. कुमार के भारतीय फिल्म जगत में अविस्मरणीय योगदान की चर्चा करते हुए बताया कि पचास से भी कम हिंदी फिल्मों में अभिनय कर दर्शकों के मानस पटल एवं दिल पर अमिट छाप छोड़ गए मनोज कुमार की देशभक्ति जग जाहिर थी। दुनिया उन्हें भारत कुमार के उपनाम से सम्मान प्रकट करती है। उनके देश की राजनीति और राजनेता से भी गहरे ताल्लुकात थे। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी भारत – पाक युद्ध की समाप्ति के पश्चात उनसे युद्ध की विभीषिका और भारतीय सैनिकों के शौर्य का सजीव चित्रण करते हुए जय जवान जय किसान के उनके नारे पर आधारित एक फिल्म बनाने का अनुरोध किया था जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकारते हुए “उपकार” फिल्म का निर्माण किया। कहा कि मनोज कुमार की फिल्मे वास्तव में भारतीय सिनेमा का प्रतीक हैं जो देश की महान संस्कृति, वसुधैव कुटुंबकम् की अखंड अवधारणा, देशप्रेम और वीरता का प्रतिनिधित्व करती हैं। इस अवसर पर उपस्थित अखिल कुमार झा, आशुतोष झा, शिवेंद्र झा, दयाशंकर, आकाश कुमार, अभिषेक कुमार, संतोष कुमार एवं विष्णु कुमार ने स्व. मनोज कुमार के तस्वीर पर पुष्पांजलि करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा के अंत में स्व. कुमार के साथ – साथ हालिया दिवंगत रेनबो के सचिव मनीष सिंह की माता हेमलता सिंह एवं युवा उद्यमी सह सामाजिक कार्यकर्ता अमित आर्या उर्फ बबलू तिवारी के निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।