गोड्डा

गोड्डा में दो बसों की आमने – सामने टक्कर, आधा दर्जन यात्री घायल

सभी खतरे से बाहर, घटना की जांच में जुटी है पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
महागामा : गोड्डा जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसभीठा के समीप दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ‘सोनू-मोनू’ नामक यात्री बस बरहरवा से गोड्डा की ओर जा रही थी। जबकि ‘पप्पू’ बस रांची से बोरिया की दिशा में जा रही थी। बांसभीठा स्थित एक संकरे मोड़ पर दोनों बसें तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बसों में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग अपनी सीटों से गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बसों से बाहर निकाला गया।बोआरीजोर थाना पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल बोआरीजोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का इलाज जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। किसी भी यात्री को गंभीर चोटें नहीं आई हैं।
बोआरीजोर थाना प्रभारी आशीष कुमार यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो यात्री बसों की टक्कर में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित रहा, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से सामान्य कराया गया। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे घुमावदार और संकरे मार्गों पर विशेष सावधानी बरतते हुए नियंत्रित गति से वाहन चलाएं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button