सिंगरौली
ग्राम गड़ेरिया में डामर प्लांट पर बवाल, ग्रामीणों ने अवैध संचालन का लगाया आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। ग्राम पंचायत गड़ेरिया में संचालित डामर (अस्फाल्ट) प्लांट को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। गांववासियों का आरोप है कि प्लांट बिना पंचायत की अनुमति के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक प्लांट से निकलने वाला धुआं और धूलकण आसपास के घरों और खेतों तक पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। किसानों ने फसलों पर भी प्रदूषण का असर पड़ने की शिकायत की है। गांव के लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को मौखिक और लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने भी स्पष्ट किया है कि यदि बिना अनुमति प्लांट संचालित हो रहा है तो यह नियमों का सीधा उल्लंघन है और इसकी जांच होना आवश्यक है। वहीं, प्रशासन की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्लांट की वैधता की तत्काल जांच कराई जाए और नियम विरुद्ध पाए जाने पर इसे बंद कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर वे सामूहिक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



