बेतुल

बैतूल बिजली कंपनी ने गरीब किसान को थमाया 27 हजार का बिल,

जनसुनवाई में लगाई फरियाद

बिजली कंपनी पर अवैध वसूली का लगाया आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जनसुनवाई में मंगलवार को ग्राम खैरा तहसील भीमपुर निवासी कोरकू समाज के गरीब किसान मनाजी पिता मोती उम्र 55 वर्ष ने बिजली कंपनी की मनमानी के खिलाफ कलेक्टर को आवेदन देकर समूचित जांच की मांग की। किसान ने आरोप लगाया कि वह वर्षों से अपनी खेती के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन लेता आ रहा है, जिसकी राशि वह हर साल लाइनमैन के माध्यम से जमा करता है। फिर भी बिजली कंपनी ने उस पर अवैध रूप से बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए 27,760 रुपये की राशि का फर्जी प्रकरण बना दिया।
किसान मनाजी ने बताया कि वह अशिक्षित है और केवल खेती के सहारे अपना व अपने परिवार का जीवन यापन करता है। उसने स्थायी कनेक्शन के लिए बिजली विभाग भीमपुर को दस्तावेज सौंपे थे, लेकिन विभाग ने उसे आज तक स्थायी कनेक्शन नहीं दिया। उल्टे संबंधित लाइनमैन ने यह कहकर उसे बरगलाया कि अस्थायी कनेक्शन के पैसे मैं खुद जमा करवा देता हूं और रसीद भी दिलवा दूंगा। स्थायी कनेक्शन भी जल्द हो जाएगा।
आवेदक ने यह भी बताया कि उसे 8 सितम्बर 2025 को तब झटका लगा जब बिजली विभाग से एक नोटिस मिला, जिसमें उसके विरुद्ध अवैध बिजली उपयोग का पंचनामा तैयार कर 27,760 रुपये की राशि जमा करने का निर्देश दिया गया था। जब किसान ने इस पर आपत्ति की और रसीद की मांग की, तो बिजली विभाग ने उसकी एक भी नहीं सुनी। मनाजी ने अपने आवेदन में साफ कहा है कि वह एक गरीब किसान है, जिसके पास न तो कानूनी जानकारी है और न ही इतनी आर्थिक स्थिति कि वह झूठे आरोपों में फंसा कर ठोकी गई इतनी बड़ी राशि जमा कर सके। किसान ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि कोई दोषी है तो वह सामने आए, लेकिन उसे जबरदस्ती झूठे प्रकरण में न फंसाया जाए। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि यह पूरी कार्यवाही म.प्र.म.क्षे. वि.वि. कंपनी लिमिटेड उत्तर संभाग बैतूल एवं म.प्र.म.क्षे. वि.वि. कंपनी लिमिटेड भीमपुर के कर्मचारियों द्वारा की गई है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button