खैरथल
रामनवमी पर्व पर घरों में जली आस्था की ज्योत
मंदिरों में गूंजा— “भए प्रगट कृपाला दीनदयाला कौशल्या हितकारी…”

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल : शहर में रामनवमी पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों के साथ-साथ घरों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ और भक्ति भाव से वातावरण सराबोर रहा।
इस वर्ष तिथियों के संयोग के चलते रामनवमी का पर्व दो दिनों तक मनाया गया। गुरुवार को अष्टमी के साथ नवमी तिथि पड़ने से अनेक घरों में माता की ज्योत प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की गई, वहीं शुक्रवार को दुर्गा नवमी एवं रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया।
शहर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और भजन-कीर्तन के साथ भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का उत्साह चरम पर रहा। मंदिरों में “भए प्रगट कृपाला दीनदयाला कौशल्या हितकारी…” जैसे भजनों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इधर, श्याम मंदिर में श्याम परिवार की महिलाओं द्वारा भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर भगवान राम के जन्म की खुशियां मनाई तथा प्रसाद वितरण किया गया।
पूरे शहर में रामनवमी के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिला।

