
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर। धामपुर शुगर मिल के ग्राम पल्ला वाला मार्ग स्थित खोई के ग्राउंड में खड़े टैंकर में दो युवकों के शव पड़े होने की सूचना के बाद आसपास के इलाके में अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के आक्रोष का सामना भी करना पड़ा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार की देर शाम को खोई ग्राउंड में खड़े केमिकल के टैंकर में दो शव मिलने की जानकारी पर मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मिल प्रशासन के विरुद्ध हंगामा कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्राम पल्ला वाला निवासी सलमान 25 वर्ष पुत्र महबूब और ग्राम सरकंडा निवासी मुकेश 36 वर्ष पुत्र कैलाश सिंह का शव टैंकर में पड़ा मिला। पुलिस ने दोनों के शवों को टैंकर से बाहर निकलवाया। बताया जा रहा है कि सरकाड़ा निवासी मुकेश शुगर मिल में केमिकल का ट्रैक्टर टैंकर चलाने का काम करता था जबकि पल्ला वाला निवासी सलमान मेहनत मजदूरी कर अपना परिवार चलता था। सलमान के भाई अरमान ने बताया कि सलमान मंगलवार की दोपहर घर से धामपुर के लिए निकला था उसके बाद उन्हें उसका शव मिलने की सूचना मिली। उधर घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में दोनों गांव के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। और घंटों तक हंगामा करते हुए शव नहीं उठने दिए। ग्रामीणों के हंगामे को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एके श्रीवास्तव और पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडे मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



