गोड्डा
आदिम जनजाति पहाड़िया गांव तेलोधानी में एसडीओ ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, बांटे कंबल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव के द्वारा जिला अंतर्गत सुंदरपहाड़ी प्रखंड के ग्राम पंचायत करमाटांड स्थित आदिम जनजाति पहाड़िया गांव तेलोधानी में क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने गांव में निवासरत आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय के लोगों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। संवाद के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, स्वास्थ्य, आवास, राशन, वृद्धावस्था पेंशन, शिक्षा एवं आजीविका से संबंधित विभिन्न समस्याओं को अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष रखा। अनुमंडल पदाधिकारी ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदिम जनजाति समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
भ्रमण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा गांव के कुल 06 जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिल सके। कंबल पाकर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित कार्यालय या प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि प्रशासन उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखेगा और गांव के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण आदि उपस्थित थे।



