असम के कामरूप जिले के समरीया में मंत्री चंद्रमोहन पटवारी ने किया मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान के अंतर्गत चेक वितरित।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री तथा कामरूप जिले के संरक्षक मंत्री चंद्रमोहन पटवारी ने आज गुरुवार को कामरूप जिले के समरीया क्षेत्र के प्रीतिपुर मिलनपथार स्पोर्ट्स क्लब मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान के पात्र लाभार्थियों को चेक वितरित किए। आज आयोजित इस कार्यक्रम में समरीया और गरइमारी विकास खंड के स्वंय सहायता समूहों (SHG) की योग्य महिला सदस्यों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से, प्रत्येक समूह को 10,000 रुपये की राशि का चेक प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम के तहत कुल 3,349 महिला स्वंय सहायता समूहों, 202 ग्राम संगठनों (VO), 5 मंडल स्तरीय संगठनों (CLF) और कुल 23,566 स्वंय सहायता समूह सदस्यों को 23 करोड़ 56 लाख 60 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। अपने संबोधन में मंत्री चंद्रमोहन पटवारी ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री ने राज्य की महिलाओं को उद्यमशीलता के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान” नामक एक महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की है। इस योजना के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं और समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि असम की महिलाएं अब किसी भी मायने में पीछे नहीं हैं। मंत्री ने इस अवसर पर यह भी बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य इस योजना के माध्यम से 40 लाख लाभार्थियों को सशक्त बनाना है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे इस प्रारंभिक पूंजी का सही उपयोग करें और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएं। मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान नारी सशक्तिकरण के माध्यम से एक समृद्ध असम के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है। मंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार नारी सशक्तिकरण के माध्यम से असम को समृद्ध बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। इस योजना के तहत असम सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आगे बढ़ाने की एक बड़ी यात्रा शुरू कर चुकी है, जिससे महिला समाज हर दृष्टि से लाभान्वित होगा। कार्यक्रम में उपस्थित गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र की सांसद बिजुली कालिता मेधि ने अपने भाषण में कहा कि आर्थिक स्वतंत्रता की इस यात्रा में समरीया विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं पीछे नहीं रहनी चाहिएं। उन्होंने बताया कि यह योजना महिलाओं को स्वावलंबी उद्यमी बनने में मदद करने के साथ ही परिवारों को भी मजबूत बनाएगी। छयगांव क्षेत्र के विधायक रेकीबुद्दीन अहमद और बाको क्षेत्र की विधायक नंदिता दास ने भी अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को इस पूंजी का सही उपयोग करना चाहिए और असम की आर्थिक प्रगति में योगदान देना चाहिए। विधायक नंदिता दास ने कहा कि व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी और समग्र विकास को प्रोत्साहित करेगी। कामरूप जिले के आयुक्त देव कुमार मिश्रा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि देश की समग्र आर्थिक प्रगति की कुंजी महिलाओं का सशक्तिकरण है। कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ता अंजन गोस्वामी ने सामाजिक प्रगति और सतत् सामूहिक विकास में महिला सशक्तिकरण के महत्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। इस अवसर पर कामरूप जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ गोस्वामी सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान के तहत प्रारंभिक धनराशि के चेक वितरण का कार्यक्रम कामरूप जिले में पाँच चरणों में आयोजित किया जाएगा। इसका पहला चरण आज समरीया में संपन्न हुआ।



