जयपुर

राजस्थान के डिप्टी सीएम की सुरक्षा में तैनात जवानों का दर्दनाक एक्सीडेंट: एक की मौत, दूसरा घायल 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जयपुर। जयपुर के एमआई रोड पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा की सुरक्षा में तैनात दो जवान, जो डिप्टी सीएम के भरतपुर दौरे में ड्यूटी निभाने जा रहे थे, अचानक हादसे का शिकार हो गए। हादसा इतना खतरनाक था कि इनमें से एक जवान की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसा सुबह करीब 8 बजे गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे के पास हुआ, जब दोनों जवान रामवतार और मनोज मीणा बाइक से ड्यूटी के लिए रवाना हो रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर ने दोनों को हवा में उछाल दिया और वे जोरदार तरीके से सड़क पर जा गिरे। वहां मौजूद लोगों और मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों को तुरंत जयपुर के एसएमएस ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। ट्रॉमा सेंटर इंचार्ज और वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग धाकड़ के मुताबिक रामवतार को जब यहां लाया गया, तब उसकी हालत बेहद नाजुक थी। जांच में सामने आया कि टक्कर के कारण उसकी हार्ट की मेन आर्टरी डेमेज हो चुकी थी, जिससे शरीर में रक्त संचार रुक गया। तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर रामवतार को नहीं बचा सके। वहीं दूसरे जवान मनोज मीणा की स्थिति अभी स्थिर है और उसका इलाज जारी है।घटना की खबर मिलते ही उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा तय कार्यक्रम को स्थगित कर तुरंत एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने घायल जवानों की स्थिति की जानकारी ली और डॉक्टरों को निर्देश दिया कि किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए। बता दें कि प्रेमचंद बैरवा का मंगलवार को भरतपुर में महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम था और दोनों जवान उसी ड्यूटी को निभाने के लिए सुबह बाइक से रवाना हुए थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button