शामली

तेज रफ्तार पिकअप ने छीनी जिंदगी

पांच माह की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के गांव भडी निवासी 25 वर्षीय सलीम की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह मंगलवार शाम अपनी पत्नी और पांच महीने की मासूम बच्ची को बाइक पर बैठाकर ससुराल रावली (जिला मुजफ्फरनगर) जा रहा था। बुढ़ाना सब्जी मंडी से कांधला रोड पर तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को जानकारी दी।
 चौसाना क्षेत्र के भडी निवासी सलीम अपनी पत्नी व बच्ची को बाईक पर शाम करीब पांच बजे घर से निकला था। जैसे ही वह बुढ़ाना क्षेत्र में कांधला रोड पर पहुंचा, सामने से तेज गति से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सलीम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी और मासूम बच्ची को भी चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए भिजवाया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान होते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब चार बजे सलीम को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
 सलीम की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। परिवार की जिम्मेदारी अभी ठीक से संभाल भी नहीं पाया था कि हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। पांच महीने की बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के पिता इंतजार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button