नवजात की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची अस्पताल
जांच के दौरान रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं मिला, नर्सरी संचालित मिली; नोडल अधिकारी फोन आने के बाद लौटे
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। शमा हॉस्पिटल में नवजात की मौत के मामले में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए अस्पताल पहुंची। सुबह एसीएमओ अतुल बंसल ने अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके बाद शाम को नोडल अधिकारी डॉ. दीपक पवार भी जांच के लिए पहुंचे।
बताया गया कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल में रजिस्ट्रेशन नंबर चस्पा नहीं मिला। इसके अलावा अस्पताल परिसर में बच्चों की नर्सरी संचालित मिली। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा अस्पताल के संचालन और उपलब्ध व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही थी।
इसी दौरान नोडल अधिकारी डॉ. दीपक पवार के पास फोन आया, जिसके बाद वह जांच पूरी किए बिना अस्पताल से वापस लौट गए। अधिकारी के अचानक लौटने को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में चर्चा रही।
डॉक्टर की शैक्षिक योग्यता को लेकर दस्तावेज वायरल
अस्पताल में मौजूद एक डॉक्टर की शैक्षिक योग्यता को लेकर कुछ दस्तावेज सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। इन दस्तावेजों के आधार पर डॉक्टर के 12वीं पास होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल दस्तावेजों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, एक दिन पूर्व अस्पताल में नवजात बच्चे के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई थी। वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की पुष्टि भी अभी नहीं हुई है।
रजिस्ट्रेशन में लगाए गए डॉक्टर के दस्तावेज पर भी सवाल
अस्पताल के रजिस्ट्रेशन में जिस डॉक्टर के दस्तावेज लगाए जाने की बात सामने आई है, संबंधित डॉक्टर ने मीडिया से फोन पर बातचीत में अपने दस्तावेजों के इस्तेमाल को लेकर अलग जानकारी दिए जाने की बात कही है।
नवजात की मौत के मामले के साथ अस्पताल के पंजीकरण, नर्सरी संचालन, चिकित्सकीय योग्यता से जुड़े दस्तावेज और वायरल वीडियो को लेकर स्वास्थ्य विभाग की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब देखना यह है कि विभाग जांच पूरी करने के बाद क्या कार्रवाई करता है।


