जामताड़ा

दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर, भाई-बहन समेत दो गंभीर घायल

Two motorcycles collided head-on, leaving two people, including a brother and a sister, seriously injured.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। जिले के करमाटाड़ प्रखंड क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना करो रोड स्थित हनुमान मंदिर के समीप हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीताकाटा गांव निवासी आमिर अंसारी अपनी बहन अमरीन खातून के साथ बाइक से बाजार होते हुए अपने चाचा इम्तियाज अंसारी के घर जा रहे थे। जैसे ही वे हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी करो की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आमिर अंसारी के सिर पर गंभीर चोट आई और उनका माथा फट गया। वहीं, अमरीन खातून को भी गंभीर चोटें लगीं और वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। आमिर अंसारी का इलाज करमाटाड़ स्थित सिंह मेडिकल हॉल में चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। दूसरी ओर, अमरीन खातून की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और फरार चालक की तलाश जारी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button