अमरोहा
तिगरी गंगा मेले में प्रजापति समाज की सभा में अश्लील डांस का मामला
श्रद्धालुओं ने की नोटों की बरसात, प्रशासन जांच में जुटा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। जनपद अमरोहा के गंगा धाम तिगरी में चल रहे ऐतिहासिक गंगा मेले के दौरान हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रजापति समाज की भव्य सभा का आयोजन किया गया। सभा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और समाज के लोग उपस्थित रहे।लेकिन इस धार्मिक आयोजन के बीच अश्लील डांस कराए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मंच पर डांसरों ने अशोभनीय गानों पर नृत्य किया, जिस पर कुछ श्रद्धालुओं ने मंच के सामने खड़े होकर नोटों की बरसात की और डांसरों के साथ झूमने लगे।इस तरह के प्रदर्शन से धार्मिक माहौल बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। उपस्थित कई लोगों ने इसे गंगा मेले की गरिमा के विपरीत बताया और सोशल मीडिया पर भी इसका विरोध दर्ज कराया।सूत्रों के अनुसार, प्रदेश सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम में अश्लील गीत या डांस प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं पहले ही इस संबंध में निर्देश जारी कर चुके हैं कि तिगरी जैसे धार्मिक आयोजनों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम पर किसी भी प्रकार की अभद्र प्रस्तुति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आयोजकों से पूछताछ की जा रही है और वीडियो फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यदि यह पुष्टि होती है कि कार्यक्रम में प्रतिबंधित डांस या गीत प्रस्तुत किए गए, तो आयोजकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गंगा तिगरी मेला धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक माना जाता है, ऐसे में अशोभनीय प्रस्तुतियों को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना सकता है।



