गोड्डा
शमशान काली मंदिर से लाखों की चोरी, टोटो से सामान ले जाने की आशंका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा के समीप गढ़वा नदी के तट पर स्थित शमशान काली मंदिर में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। देर रात मंदिर परिसर से मोटर, बाजा, गैस सिलेंडर, पंखा, वेपर लाइट सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।
मंदिर कमेटी से जुड़े मुन्ना तिवारी उर्फ वीरेंद्र ने बताया कि शमशान काली मंदिर का निर्माण कार्य फिलहाल जारी है। निर्माण कार्य के दौरान सामग्री तैयार करने और दीवार में पानी छिड़काव के लिए दो मोटर लगाए गए थे। वहीं भक्तों की पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में बाजा लगाया गया था, जिससे प्रतिदिन सुबह-शाम भक्ति गीत बजते थे। इसके अलावा मंदिर परिसर में प्रकाश व्यवस्था के लिए वेपर लाइट भी लगाई गई थी। चोरों ने मंदिर प्रांगण में बने कमरे का ताला व दरवाजा तोड़कर अंदर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामानों में दो मोटर, एक गैस सिलेंडर, दो वेपर लाइट, तीन पंखे, कंबल समेत राजमिस्त्री का औजार भी शामिल है। घटना स्थल पर टोटो के पहिये के निशान पाए जाने से यह आशंका जताई जा रही है कि चोर टोटो लेकर आए थे और उसी से चोरी का सामान लादकर फरार हो गए। इससे साफ है कि चोरों में पुलिस प्रशासन का जरा भी भय नहीं था। चोरी की इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों को इस बात की भी चिंता सता रही है कि कहीं चोर नवनिर्मित मंदिर में लगे पिलर के सरिया को काटकर न ले जाएं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।



