अमरोहा
न्यायालय के आदेश पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा रहरा : अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट हसनपुर के आदेश पर थाना आदमपुर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के एक मामले में पति सहित पांच ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला थाना रहरा क्षेत्र के ग्राम ढकिया खादर निवासी रामसिंह पुत्र जगराम द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र से जुड़ा है।
प्रार्थी के अनुसार उन्होंने अपनी पुत्री ममता का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व ग्राम माझरा थाना आदमपुर निवासी जीवन पुत्र रामवीर के साथ किया था। विवाह में उन्होंने सामर्थ्य के अनुसार सोनालिका ट्रैक्टर, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एवं घरेलू सामान सहित लगभग 18 लाख रुपये खर्च किए थे। शुरुआती कुछ समय तक ममता के साथ ठीक व्यवहार किया गया, जिससे एक पुत्री का जन्म भी हुआ। लेकिन बाद में ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज लाने का ताना देते हुए दस लाख रुपये नकद और एक बोलेरो कार की मांग की जाने लगी।
आरोप है कि 17 अक्टूबर 2024 को दोपहर करीब तीन बजे दहेज की मांग को लेकर ममता के साथ कमरे में बंद कर मारपीट की गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो उनके साथ भी मारपीट की गई। डायल 112 पर सूचना दी गई, लेकिन बाद में थाना आदमपुर पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई। न्यायालय के आदेश पर थाना आदमपुर पुलिस ने पति जीवन, ससुर रामवीर, सास क्रांति, देवर केशव और अमित के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना आदमपुर संजय कुमार प्रभारी कि मामले की विवेचना निष्पक्ष रूप से की जाएगी।



