आग लगने से पशुओं के चारे की हुई भारी क्षति, प्रशासन से लगाया सहायता की गुहार

अबु होरैरा
एनपीटी ब्यूरो, लातेहार (झा०खं०), लातेहार जिला के बारियातू थाना क्षेत्र अन्तर्गत फुलसू ग्राम के पिपरा टोला मांड़र के समीप शनिवार को अचानक आग लगने से तीन किसानों के मचान में रखा लगभग पांच सौ बोझा पुआल जलकर खाक हो गया। इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान विजय यादव, दिनेश यादव और गुटू यादव ने बताया कि हम सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। शनिवार दोपहर भोजन के बाद घर में थे, तभी आस-पास के लोगों ने मचान में आग लगने की सूचना दी। जब तक आग बुझाने की व्यवस्था की जाती, भीषण गर्मी और तेज हवा के कारण आग ने तीनों मचानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि ग्रामीणों के प्रयास के बावजूद उसे बुझाया नहीं जा सका। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन किसानों का कहना है कि पशुओं के लिए चारे के रूप में यही पुआल उनका एकमात्र स्रोत था। अब उनके सामने पशुओं के भरण-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित किसानों ने प्रखंड प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब सहायता की मांग करते हुए पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। घटना की सूचना पाकर पंचायत समिति सदस्य सह उप प्रमुख निशा शाहदेव एवं झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष लाल आशीष नाथ शाहदेव मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीनों पीड़ित किसानों से मुलाकात कर हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।