गाजियाबाद
लोनी प्रकरण की जांच हेतु बार एसोसिएशन गाजियाबाद ने गठित की तीन सदस्यीय समिति
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : दिनांक 30 जनवरी 2026 को लोनी तहसील में एसडीएम लोनी द्वारा लोनी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए लोनी बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने इसकी शिकायत पेरेंटल बार एसोसिएशन गाजियाबाद से की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डिस्ट्रिक्ट कोर्ट गाजियाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रह्मदेव त्यागी ने समस्त तथ्यों की निष्पक्ष जांच के लिए आज तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया है। इस जांच समिति में अधिवक्ता सुशील डेनियल, आदेश गर्ग एवं अमित पाल को शामिल किया गया है।
गठित समिति लोनी पहुंचकर अधिवक्ताओं, तहसील प्रशासन तथा मामले से जुड़े अन्य संबंधित व्यक्तियों से बातचीत कर पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक जांच करेगी। समिति को निर्देशित किया गया है कि वह दो दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट बार एसोसिएशन गाजियाबाद को सौंपे।
अध्यक्ष ब्रह्मदेव त्यागी ने अपील की है कि जिस किसी के पास भी उक्त घटना से संबंधित जानकारी या तथ्य हों, वे जांच समिति को अवश्य अवगत कराएं, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जा सके।
साथ ही, इस जांच की सूचना माननीय जिलाधिकारी गाजियाबाद को भी प्रेषित की गई है, ताकि वे एसडीएम लोनी एवं तहसील प्रशासन को जांच में सहयोग करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान कर सकें।
बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि अधिवक्ताओं के सम्मान और न्यायिक गरिमा से जुड़े किसी भी मामले में संगठन पूरी गंभीरता से कार्रवाई करेगा और सत्य सामने लाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।


