विदाई समारोह में बच्चों को पेन-डायरी देकर दी गई विदाई

एनपीटी लातेहार ब्यूरो,
लातेहार( झा०खं०), लातेहार जिला अन्तर्गत बारियातू प्रखण्ड मुख्यालय स्थित राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में सोमवार को वर्ग आठ के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई सह- सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस मौके पर विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों को पेन व डायरी भेंटकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनिता देवी एवं सहायक शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत बच्चों को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापिका देवी ने कहा कि शिक्षा जीवन का मूल आधार है। आप सभी आठवीं पास कर उच्च विद्यालय में प्रवेश करने जा रहे हैं। जिस निष्ठा व लगन से आपने यहां अध्ययन किया, उसी मेहनत को आगे भी बनाए रखें और अपने लक्ष्य को प्राप्त करे। समारोह में उपस्थित अन्य शिक्षकों ने भी क्रमवार बच्चों को मार्गदर्शन दिया और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी को सबसे बड़ा हथियार बताते हुए इन मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से आठवीं कक्षा के सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न स्वरूप पेन व डायरी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजन प्रसाद, शिक्षक संजीव कुमार, महेंद्र प्रजापति, राजेश्वर सिंह, सोनम स्वेता तिर्की, मधु कुजूर समेत कई अभिभावक व गणमान्य लोग उपस्थित थे।
समारोह का संचालन शिक्षक महेंद्र प्रजापति ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक संजीव कुमार द्वारा किया गया।



