मोहर्रम पर्व को लेकर ग्राम अजितापुरा में पुलिस अधीक्षक ने की बैठक
शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा थाना गोहन क्षेत्र के ग्राम अजितापुरा में ताजिया जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर ताजियेदारों, पीस कमेटी के सदस्यों एवं स्थानीय संभ्रांत नागरिकों के साथ एक गोष्ठी का आयोजन भी किया गया।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित जनों से अपील की कि वे त्योहार को आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट से बचने और अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी। ताजिया जुलूस के मार्गों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की बात कही।
बैठक में नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभागीय अधिकारियों को सूचना देने और प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की अपील की गई। उन्होंने सभी समुदायों से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया।



