छठी मैया की भक्ति में सराबोर हुई लोनी
रंजीता धामा ने विभिन्न घाटों पर पहुंचकर पूर्वांचल समाज के साथ मनाया आस्था का महापर्व

महाराणा पार्क में भी धूमधाम से मनाया गया छठ महोत्सव, सैकड़ों महिलाओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर की परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। लोक आस्था, पवित्रता, तपस्या और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर लोनी का वातावरण भक्तिमय हो उठा। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे और चौथे दिन विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया तथा अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर विधि-विधान के साथ अपना व्रत पूर्ण किया। छठी मैया के पारंपरिक गीतों, भजनों और जयकारों से घाटों का वातावरण गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल की लोनी नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने देर शाम और सोमवार सुबह नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर पूर्वांचल समाज के परिवारों के साथ छठ महापर्व मनाया। उन्होंने डीएलएफ छठ घाट, पूजा कॉलोनी, गीतांजलि विहार, बंद फाटक, राम विहार, नाईपुरा, गुरुद्वारा रोड, पावी, इलायचीपुर, चमन विहार, रामपार्क पुस्ते पार, उत्तरांचल विहार, कांवड़ मार्ग, राहुल गार्डन, लाल मंदिर नहर रोड बेहटा, गोल्डी स्कूल के पास, यमुना घाट, रेल विहार और निस्तौली सहित अनेक स्थानों पर पहुंचकर व्रतधारी महिलाओं और श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
विभिन्न छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों और पूर्वांचल समाज के लोगों ने रंजीता धामा का ढोल-नगाड़ों के साथ फूल-मालाएं और पटका पहनाकर जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित भी किया गया।
इस दौरान रंजीता धामा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास, अनुशासन, प्रकृति और परिवार के प्रति समर्पण का अनुपम पर्व है। छठी मैया की आराधना करने वाले श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ इस कठिन व्रत को संपन्न करते हैं। उनका विश्वास है कि सच्चे मन से की गई पूजा और आराधना से छठी मैया भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी छठी मैया की कृपा और आशीर्वाद की अनुभूति करती हैं। वर्षों से उनके परिवार पर छठी मैया का आशीर्वाद बना हुआ है। इस महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें डूबते सूर्य को भी उतनी ही श्रद्धा से अर्घ्य दिया जाता है, जितनी श्रद्धा से उगते सूर्य की उपासना होती है। यह परंपरा हमें जीवन में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, समानता और सम्मान का संदेश देती है।
रंजीता धामा ने कहा कि पूर्वांचल समाज के लोगों ने अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत को जिस श्रद्धा के साथ संजोकर रखा है, वह सराहनीय है। छठ के पारंपरिक लोकगीत, व्रत की कठिन साधना और सामूहिक पूजा की परंपरा समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है। इस पर्व के माध्यम से अन्य समाजों के लोग भी पूर्वांचल की समृद्ध संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ रहे हैं।
पौराणिक कथा का किया उल्लेख
छठ पूजा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए रंजीता धामा ने देवी षष्ठी अर्थात छठी मैया से जुड़ी पौराणिक कथा का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार स्वायंभुव मनु के पुत्र राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी रानी मालिनी संतान न होने के कारण अत्यंत दुखी थे। महर्षि कश्यप के परामर्श पर राजा ने पुत्रेष्टि यज्ञ कराया। यज्ञ के प्रभाव से रानी गर्भवती हुईं, लेकिन उन्हें मृत शिशु प्राप्त हुआ।
कथा के अनुसार, पुत्र वियोग से व्याकुल राजा प्रियव्रत जब श्मशान में अपने प्राण त्यागने को तत्पर हुए, तभी वहां ब्रह्मा की मानस पुत्री देवी षष्ठी प्रकट हुईं। उन्होंने राजा को अपनी महिमा बताते हुए कहा कि जो भी श्रद्धा और सच्चे मन से उनकी आराधना करेगा, उसे संतान सुख, संतान की रक्षा और परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
देवी षष्ठी की आज्ञा के अनुसार राजा प्रियव्रत ने कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को विधि-विधान से देवी का पूजन किया। मान्यता है कि देवी की कृपा से राजा को स्वस्थ और सुंदर पुत्र की प्राप्ति हुई। तभी से संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए षष्ठी देवी की पूजा की परंपरा प्रचलित हुई। रंजीता धामा ने कहा कि छठ महापर्व इसी धार्मिक आस्था और लोकविश्वास की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।
नगरपालिका की ओर से घाटों पर कराई गई व्यवस्थाएं
नगरपालिका अध्यक्ष ने बताया कि लोनी नगरपालिका क्षेत्र में पूर्व में भी कई छठ घाटों का निर्माण कराया गया है। प्रत्येक वर्ष इन घाटों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और आवश्यक व्यवस्थाएं नगरपालिका की ओर से कराई जाती हैं। इस वर्ष भी नगरपालिका अधिकारियों और कर्मचारियों को घाटों की सफाई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभिन्न छठ घाटों पर प्रकाश व्यवस्था भी कराई गई है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर राधा रमण झा, सुनील झा, संतोष श्रीवास्तव, लाल बहादुर शास्त्री, नवीन झा, प्रमोद झा, बहादरा कसाना, ओम प्रकाश उपाध्याय, रामनिवास त्रिपाठी, कपिल मलिक, दीपक शर्मा, दशरथ पंडित, सुधीर दुबे, राम लगन राय, आरएन झा, एसएन चौधरी, रूबी, चित्रा श्रीवास्तव, सुमिता मिश्रा, स्वाति झा सहित विभिन्न छठ पूजा समितियों के पदाधिकारी, सदस्य और हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
महाराणा पार्क में भी छठ महोत्सव की धूम
वहीं, बालाजी मित्र मंडल पीपलेश्वर महादेव मंदिर समिति की देखरेख में महाराणा पार्क में भी छठ पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समिति की चेयरमैन माया सिंह राजपूत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वंदना पांडे, मंदिर के पुजारी गोपाल बृजवासी, बंटी ओझा, ज्ञानेंद्र चौहान, डॉ. एसके शर्मा, पंकज पाराशर, नीरज सूर्यवंशी, यश चौपड़ा, अमित बंसल और अवधेश पांडेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महाराणा पार्क में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों महिलाओं की सहभागिता रही। श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुए छठ महोत्सव ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारतीय संस्कृति के पर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एकता, पारिवारिक संस्कार और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम हैं।



