प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में चयनित दलित आबादी बहुल गांवों में केन्द्रीय सलाहकार का दौरा आज
पहले चरण में 20 गांव संतृप्त घोषित किए जा चुके, दूसरे चरण के 19 गांवो के नाम मंगलवार को फाइनल किए

केन्द्रीय सलाहकार का दौरा आज, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में चयनित दलित आबादी बहुल गांवों में ठीक से नहीं हुए हैं विकास के काम
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमेठी। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अन्तर्गत पहले चरण में चिन्हित किए गए बीस गांवों में विकास कार्य पूरे नहीं हो पाए हैं। द्वितीय चरण में शामिल किए गए गांवों की संख्या 19है। मंगलवार को 50फीसदी से अधिक आबादी वाले गांवों की सूची फाइनल करने और रिपोर्ट तैयार करने में लगे रहे।
केंद्र सरकार के निर्देश पर प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अन्तर्गत दलित आबादी बहुल गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों को केंद्र सरकार की सभी विकास योजनाओं से संतृप्त करने के लिए प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना पिछले वर्ष से संचालित है। पहले चरण में इस योजना में बीस गांवों का चयन हुआ था। सूत्रों का कहना है कि बजट की कमी और अधिकारियों की लापरवाही के चलते इन गांवों में विकास कार्य ठीक से नहीं हो पाए हैं। निर्माण कार्यों के लिए नियुक्त कार्यदाई संस्था यूपी सिडको ने ठीक से काम नहीं कराया है।
मंगलवार को इन गांवों में विकास कार्यों की जानकारी के लिए इस संवाददाता ने कई खंड विकास अधिकारियों से वार्ता की। विकास कार्यों की बात तो दूर बी डी ओ चयनित गांवों का नाम भी नहीं जानते। जिला समाज कल्याण अधिकारी -विकास को विकास कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास भी कोई ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं है। अमेठी के ए डी ओ समाज कल्याण ने बताया कि अधिकांश गांव जगदीशपुर और बाजार शुकुल के है। बजट की कमी के चलते पिछले वर्ष कोई खास काम नहीं हो पाया है।नये वित्तीय वर्ष में अमेठी विकास खंड में सैदपुर गांव का चयन किया गया है। प्रस्ताव भेजा गया है, कोई बजट अभी तक नहीं आया है।
जगदीशपुर की खंड विकास अधिकारी अंजलि सरोज ने बताया कि जगदीशपुर में पांच और बाजार शुकुल में तीन गांवों को चालू वित्तीय वर्ष के लिए प्रस्तावित किया गया है ।
गांवों का भ्रमण करेंगे केन्द्रीय सलाहकार
अमेठी। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अन्तर्गत विकास कार्यों की मानीटरिंग के नियुक्त केन्द्रीय सलाहकार धीरेन्द्र कुमार बाल्मीकि आज जिले के एक दिवसीय दौरे पर आयेंगे। केन्द्रीय सलाहकार अमेठी डाक-बंगले में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे। पहले चरण में चयनित गांवों में विकास कार्यों की हकीकत की पड़ताल के लिए विकास कार्यों का स्थलीय और भौतिक सत्यापन भी करेंगे।
जिला सूचना अधिकारी शिव दर्शन यादव ने बताया कि केन्द्रीय सलाहकार दोपहर बाद 1.30बजे सर्किट हाउस अमेठी पहुंचेंगे। डी एम महोदय की ओर से सम्बंधित गांवों के बी डी ओ,ए डी ओ समाज कल्याण, ग्राम पंचायत अधिकारी अधिशासी अभियंता सिडको,जल निगम,लोक निर्माण,सी एम ओ, जिला पूर्ति अधिकारी बैठक में बुलाए गए हैं।

