सिंगरौली
जिला स्तरीय क्रॉस कंट्री दौड़ में 300 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
नौ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, इंडियन चिल्ड्रेन एकेडमी सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिला एथलेटिक एसोसिएशन बैढ़न, सिंगरौली के तत्वावधान में जिला स्तरीय द्वितीय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के नौ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ ओपन वर्ग के खिलाड़ियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग 300 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा, सहनशक्ति और दौड़ कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में डी पॉल स्कूल विंध्यनगर, डीपीएस निगाही, डीपीएस विंध्यनगर, संस्कार वैली इंटरनेशनल स्कूल बैढ़न, केंद्रीय विद्यालय जयंत, इंडियन चिल्ड्रेन एकेडमी बैढ़न, रुद्र पब्लिक स्कूल गोरबी और डीएवी स्कूल दुधीचुआ सहित अन्य विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। स्पर्धाएं अंडर-16, अंडर-18 और अंडर-20 सहित विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित की गईं। खिलाड़ियों के लिए एक किलोमीटर से लेकर 10 किलोमीटर तक की दौड़ निर्धारित की गई थी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित खिलाड़ी
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में एथलेटिक्स को बढ़ावा देना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिंगरौली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इंडियन चिल्ड्रेन एकेडमी सहित विद्यालय सम्मानित
प्रतियोगिता के दौरान इंडियन चिल्ड्रेन एकेडमी हायर सेकेंडरी स्कूल बैढ़न, केंद्रीय विद्यालय और डीएवी स्कूल को पुरस्कार प्रदान किए गए। विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
इंडियन चिल्ड्रेन एकेडमी की ओर से डायरेक्टर जे.वी. गुप्ता, यश गुप्ता, चंद्रकला अग्रहरि, अंजुला द्विवेदी, विवेक पांडेय और वंदना गुप्ता की प्रमुख सहभागिता रही। विद्यालय के विद्यार्थियों कुलदीप सोनी, विवेक पांडेय, पूजा, ईद-उल-निशा, सुमन, शिवांश, आकाश रजक, आरिफ, शिवम, दिव्यांशु जायसवाल, मुकेश सिंह, रोहित, नीरज, अनुज चौरसिया, रंजीत और अर्श सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सहभागिता और उपलब्धियों से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा।
खेल पदाधिकारियों और शिक्षकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में एनसीएल जयंत क्षेत्र के महाप्रबंधक, जिला एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष रणधीर सिंह, सचिव जसविंदर सिंह सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी और विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक शिक्षा शिक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों और विद्यालयीन स्टाफ के लिए स्वल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई।
आयोजन ने जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया और उन्हें राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।



