पाकुड़ रेलखंड से हजारों करोड़ का राजस्व, पर दिल्ली/ पटना समेत बड़े शहरों से सीधी रेल कनेक्टिविटी का इंतजार, बंद पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। काले पत्थर की नगरी के नाम से प्रसिद्ध झारखण्ड का पाकुड़ जिला आज भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी की बाट जोह रहा है। जिला मुख्यालय होने के बावजूद पाकुड़ रेलवे स्टेशन से देश की राजधानी नई दिल्ली, बिहार की राजधानी पटना समेत देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल सेवा का अभाव स्थानीय यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। आधुनिक परिवहन व्यवस्था के दौर में भी पाकुड़ के लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। इससे यात्रियों का समय और पैसा दोनों अतिरिक्त खर्च हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाकुड़ रेलखंड से रेलवे को हजारों करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त होने के बावजूद भी यहां के यात्रियों को अपेक्षित रेल सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, केन्द्रीय रेल मंत्री और पूर्वी रेलवे के महाप्रबंधक, कोलकाता से पाकुड़ की रेल समस्याओं पर गंभीरता से पहल करने की मांग उठ रही है।
दिल्ली और पटना के लिए सीधी ट्रेन की दरकार
पाकुड़ जिला मुख्यालय को देश के प्रमुख शहरों से सीधी रेल सेवा के माध्यम से जोड़ना लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग रही है। दिल्ली और पटना के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों जशीडीह, भागलपुर, साहिबगंज, बरहरवा, वर्धवान रेलवे स्टेशन अथवा अन्य बड़े रेलवे स्टेशनों के माध्यम से यात्रा करनी पड़ती है। ट्रेन बदलने की परेशानी के साथ-साथ बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दैनिक यात्रियों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों का मानना है कि पाकुड़ से दिल्ली, पटना तथा अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी ट्रेन शुरू होने से न केवल आम लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि जिले के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
ईसाकपुर और पियादापुर रेल फाटक पर आरओबी निर्माण की मांग अधूरी
रेल कनेक्टिविटी के साथ-साथ पाकुड़ रेलखंड पर सड़क और रेल यातायात की समस्याएं भी लंबे समय से बनी हुई हैं। ईसाकपुर रेल फाटक पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग वर्षों से उठती रही है, लेकिन आरओबी निर्माण की स्वीकृति के बावजूद भी अब तक यह मांग धरातल पर नहीं उतर सकी है। इसी तरह मालपहाड़ी पत्थर औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े पियादापुर रेल फाटक पर भी आरओबी निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इन रेल फाटकों पर आवागमन के दौरान लोगों को जाम और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सम्बन्धित रेलवे अधिकारियों और पूर्वी रेलवे के महाप्रबंधक को इन दोनों स्थानों पर आरओबी निर्माण की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए।
कोरोना काल में बंद पैसेंजर ट्रेनों के पुनः परिचालन की मांग तेज
वही साहिबगंज–बरहरवा–पाकुड़–रामपुरहाट रेलखंड पर कोरोना काल के दौरान बंद की गई कई पैसेंजर ट्रेनों का अब तक नियमित पुनः परिचालन नहीं होने से दैनिक यात्रियों, गरीब मजदूरों और छोटे कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और स्थानीय आवागमन के लिए पर्याप्त पैसेंजर ट्रेनों की कमी महसूस की जा रही है। बरहरवा, गुमानी, कोटालपोखर, तिलभिठा, पाकुड़, नगरनबी, राजग्राम, बंसलोई, मुरारई, चतरा, नलहटी, स्वाधीनपुर और रामपुरहाट सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों का कहना है कि सुबह के समय पर्याप्त ट्रेनें उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में टोटो और ऑटो का सहारा लेना पड़ता है। इसके लिए कई बार 100 से 300 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। इससे रोजाना कमाकर जीवनयापन करने वाले मजदूरों और निम्न आय वर्ग के यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
सुबह के समय अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग
दैनिक यात्रियों की मांग है कि कोरोना काल में बंद की गई पैसेंजर ट्रेनों का पुनः परिचालन शुरू किया जाए। साथ ही सुबह के व्यस्त समय में अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेनें चलाई जाएं, ताकि नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य दैनिक यात्रियों को सुलभ एवं किफायती परिवहन सुविधा मिल सके। यात्रियों का कहना है कि पैसेंजर ट्रेनों का संचालन केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का माध्यम नहीं है, बल्कि छोटे स्टेशनों और ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण कड़ी है। ट्रेनों की कमी के कारण छोटे स्टेशनों से जुड़े लोगों का दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है।
रेलवे प्रशासन से जनहित में ठोस पहल की अपेक्षा
पाकुड़ के लोगों की मांग है कि पूर्वी रेलवे के महाप्रबंधक, हावड़ा डिवीजन के संबंधित अधिकारी और केन्द्रीय रेल मंत्रालय जिले की रेल समस्याओं को प्राथमिकता दे। पाकुड़ से दिल्ली और पटना के लिए सीधी ट्रेन सेवा, प्रमुख शहरों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी, बंद पैसेंजर ट्रेनों का पुनः परिचालन तथा ईसाकपुर और पियादापुर रेल फाटक पर रोड ओवर ब्रिज ( आरओबी ) निर्माण जैसी मांगों पर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। स्थानीय यात्रियों का कहना है कि रेलवे के लिए राजस्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण पाकुड़ रेलखंड के यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। अब जरूरत केवल आश्वासनों की नहीं, बल्कि धरातल पर योजनाओं को उतारने की है, ताकि पाकुड़ के लोगों का वर्षों पुराना सीधी रेल कनेक्टिविटी और बेहतर यात्री सुविधाओं का सपना साकार हो सके।



