शामली

जिजौला डबल विकेट क्रिकेट टूर्नामेंट में सिंगरा बना चैंपियन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 चौसाना।  क्षेत्र के गांव जिजौला में आयोजित डबल विकेट क्रिकेट टूर्नामेंट ने खेल प्रेमियों में खासा उत्साह पैदा किया। ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल में सिंगरा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मेजबान जिजौला टीम उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार व शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
  चौसाना क्षेत्र के जिजौला में एक दिवसीय टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि नवाब सिंह चैयरमैन ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना से खेलने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में चौसाना क्षेत्र सहित आसपास के गांवों की 20 टीमों ने प्रतिभाग किया। शुरुआती दौर से ही मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और दर्शकों की भारी भीड़ मैदान पर जुटी रही।
फाइनल मुकाबले में सिंगरा टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी व अनुशासित गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए जिजौला टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। विजेता सिंगरा टीम को मुख्य अतिथि नवाब सिंह चैयरमैन द्वारा 11 हजार रुपये नकद व शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता जिजौला टीम को 5100 रुपये नकद व शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में हसन राणा, इमरान राणा, इंतजार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व ग्रामीण मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button